🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से चढ़ा किसान विकास समिति धूराफाट का पारा
🔳 पेयजल संकट व प्रस्तावित पंपिग पेयजल योजना में देरी पर जताई नाराजगी
🔳 अफसरों पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
🔳 जल्द सुध न लेने पर आंदोलन और तेज करने का ऐलान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
पेयजल संकट व विभागीय अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब क्रमिक अनशन पर डट गए है। आंदोलन के दूसरे दिन किसान विकास संघर्ष समिति से जुड़े आठ पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरु कर दिया है। आंदोलनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है की अब आश्वासन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक पीछे न हटने का ऐलान किया।
बेतालघाट व ताड़ीखेत ब्लॉक के हजारों उपभोक्ताओं को पीने का पानी उपलब्ध करानी वाली रिची थापल पंपिग पेयजल योजना से हिडाम, पुनोली, बयेडी, मुसौली समेत तमाम गांवों के सैकड़ों परिवारों को दो महीने से भी अधिक समय से पेयजल उपलब्ध न होने व जल जीवन मिशन योजना के तहत प्रस्तावित बयेडी पंपिंग पेयजल योजना के कार्य के अधर में लटके होने से किसान विकास संघर्ष समिति धूराफाट के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अब धरने को क्रमिक अनशन में बदल दिया है। समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे ने आरोप लगाया की लगातार उपेक्षा की जा रही है। जिसे अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्राम प्रधान दीप चंद्र व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा की लंबा समय बीतने के बावजूद कोसी नदी में अब तक पंपिग पेयजल योजना का पंप हाउस तक तैयार नहीं हो सका है। आरोप लगाया की गांव के लोगों को लगातार ठगा जा रहा है। सर्वसम्मति से तय हुआ की यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। क्रमिक अनशन में क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप कुमार, प्रधान प्रतिनिधि पंकज कुमार, लछी राम, पनी राम आदि आंदोलनकारी बैठे। इस दौरान बची राम, पानी राम, रुप चंद्र, पुष्पा पांडे, बाली राम, नीमा पांडे, कमला पांडे, प्रताप चंद्र, किसन चंद्र, झूंगर राम, कुंदन राम, हंसा दत्त आदि मौजूद रहे।




