🔳 स्थानीय लोगों के रोजगार का भी बना माध्यम
🔳 जंगली जानवरों व बंदर भी नहीं पहुंचाते चाय के पौधों को नुकसान
🔳 क्षेत्रवासियों ने बागान का दायरा बढ़ाने पर दिया जोर
🔳 पूर्व राष्ट्रपति को सौंपी घोड़ाखाल चाय फैक्ट्री की चाय
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के सिल्टोना गांव में उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड का चाय बागान ग्रामीणों के रोजगार का जरिया बन गया है। करीब ढाई हेक्टेयर में फैले बागान में गांव के दस से ज्यादा महिलाओं व पुरुषों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है वहीं चाय पत्ती की बंपर पैदावार से भविष्य में बागान का दायरा बढ़ने की उम्मीद भी बढ़ गई है। खास बात यह है की जंगली जानवरों व बंदरों से चाय बागान को नुकसान नहीं पहुंचने से पैदावार बेहतर होने लगी है।
कोसी घाटी में जंगली जानवरों व बंदरों से खेतीबाड़ी चौपट हो चुकी है। किसान अनाज के लिए भी बाजार पर निर्भर हो चुका है। इसके उलट सिल्टोना गांव में स्थित चाय बागान में चाय के हरे भरे पौधे लहलहा रहे हैं। जंगली जानवरों व बंदरों के चाय के पौधों को नुकसान न पहुंचाने से गांव में स्थित बागान में चाय पत्ती की बंपर पैदावार हो रही है। चाय पत्तियों को घोड़ाखाल स्थित चाय फैक्ट्री भेजा जा रहा है जहां पत्ती से उच्च गुणवत्ता की चाय तैयार हो रही है। सिल्टोना स्थित चाय बागान से स्थानीय दस से ज्यादा महिला पुरुषों को रोजगार भी मुहैया करवाया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने चाय बागान में बेहतर उत्पादन पर खुशी व्यक्त की है। ग्रामीणों के अनुसार चाय पत्ती को बंदरों व जंगली जानवरों से नुकसान न होने से भविष्य में बागान का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। टीम बोर्ड घोड़ाखाल के फिल्ड सहायक गोपाल सिंह अधिकारी के अनुसार सिल्टोना स्थित बागान में बेहतर चाय पत्ती की बेहतर पैदावार हो रही है। प्रयास किया जाएगा की भविष्य में चाय बागान के दायरा बढ़ाया जा सके।
पूर्व राष्ट्रपति को सौंपी घोड़ाखाल चाय फैक्ट्री की चाय
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के बीते सोमवार को कैंची धाम पहुंचने पर घोड़ाखाल स्थित चाय फैक्ट्री की चाय भेंट की गई। पूर्व राष्ट्रपति ने बोर्ड कर्मचारी कमलेश उप्रेती से चाय के संबंध में कई जानकारियां भी दी। बोर्ड कर्मी ने पूर्व राष्ट्रपति को घोड़ाखाल स्थित चाय फैक्ट्री में तैयार गुणवत्तायुक्त चाय के बारे में बताया। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के प्रदीप साह, शैलेश साह, एमटीपी सिंह, सुरेश फुलारा, ज्ञान सिंह बिष्ट, पंकज निगल्टिया आदि मौजूद रहे।




