🔳 रास्ते में आए दिन गुलदार दिखने से बच्चों में डर का माहौल
🔳 अभिभावकों में भी बच्चों को लेकर बढ़ रही चिंता
🔳 मवेशियो के शिकार के बाद अब आबादी तक पहुंचने लगा गुलदार
🔳 ग्रामीणों ने वन विभाग से की पिंजरा लगाने की मांग
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
आसपास के गांवों में गुलदार की लगातार बढ़ रही घुसपैठ से स्कूली बच्चों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बावजूद सुध नहीं ली जा रही। दिन दोपहर गुलदार के आबादी के नजदीक तक पहुंचने से अनहोनी का खतरा दोगुना हो चुका है। आए दिन गुलदार दिखने से स्कूली नौनिहाल व अभिभावक दहशत में हैं।
समीपवर्ती ताड़ीखेत ब्लॉक के ज्याडी व पोखरी गांव में स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल व प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों के घर से विद्यालय की आवाजाही में कई बार गुलदार देखें जाने से दहशत का माहौल बना हुआ है। नौनिहालों की जिंदगी पर खतरा बढ़ने से अभिभावक दहशत में हैं। नौनिहाल भी स्कूल जाने में डरने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीण के अनुसार गुलदार पूर्व में गांव के पशुपालकों की पांच बकरियों व दो गोवंशीय पशुओं तक को निवाला बना चुका है। अब गुलदार के लगातार आबादी की ओर घुसपैठ बढ़ने से अनहोनी का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है बावजूद वन विभाग सुध नहीं ले रहा जिससे कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। स्थानीय अनिल सिंह, रमेश नैनवाल, जीवन सिंह, कुंवर सिंह, भूपाल सिंह, कैलाश सिंह आदि ने गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को कैद किए जाने की मांग उठाई है ताकि भविष्य की घटना को टाला जा सके।




