🔳 चतुर्थ श्रेणी व क्लर्क पदों के भी संभाल रहे काम
🔳 तमाम जिम्मेदारियों के बीच खुद का विषय पढ़ाना बन रहा चुनौती
🔳 लगातार बिगड़ रहे हालातों से अभिभावक भी चिंतित
🔳 बेतालघाट के 19 स्कूलों में प्रधानाचार्य के पद रिक्त, अधिकांश में चतुर्थ श्रेणी व क्लर्क पद भी खाली
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट के इंटर कॉलेजों में प्रभारी प्रधानाचार्य अलग अलग भूमिका निभाने को मजबूर हैं। क्लर्क तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद भी रिक्त होने से प्रभारी प्रधानाचार्य का जिम्मा संभाल रहे प्रवक्ताओं को एक साथ कई जिम्मेदारियों को निभाना मजबूरी बन चुकी है। तमाम कार्यों के बोझ के साथ अपना विषय पढ़ाना भी बड़ी चुनौती बन जा रही है। हालत यह है की ब्लॉक 19 विद्यालय प्रभारी प्रधानाचार्य के भरोसे संचालित है।
बेतालघाट ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में 202 छात्र संख्या होने के बावजूद कई महत्वपूर्ण विषयों के साथ ही प्रधानाचार्य का पद वर्षों से रिक्त हैं। रसायन विज्ञान के प्रवक्ता राजीव कुमार को प्रभावित प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के चार पद भी खाली पड़े हैं जबकि प्रशासनिक अधिकारी व कनिष्ठ सहायक का पद भी रिक्त पड़ा हुआ है। ऐसे में प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे रसायन विज्ञान के प्रवक्ता को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के कार्यों के साथ ही प्रशासनिक व कनिष्ठ सहायक के कार्यों की दोहरी जिम्मेदारी को भी निभाना पड़ रहा है। कई बार विभागीय जिम्मेदारी के कारण प्रभारी प्रधानाचार्य अपने विषय तक को नौनिहाल को नहीं पढ़ा पाते। विद्यालय में तैनात अन्य के सहारे बामुश्किल जैसे तैसे कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जीआइसी खैरना जैसे हालात कई अन्य विद्यालयों में भी है। अन्य विद्यालयों में भी क्लर्क तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के कई पद रिक्त पड़े हुए हैं।
जीआइसी धनियाकोट, रिखोली, सिमलखा, तल्ली सेठी, बेतालघाट,लोहाली, खैरना, बेतालघाट, लोहाली, रातीघाट, ताड़ीखेत, हल्सों कोरण,जीजीआइसी बेतालघाट, जीआइसी गरजोली, जीतुवापीपल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रिची, मल्लीसेठी, खलाड तथा बजेडी में प्रभारी प्रधानाचार्य एक साथ कई जिम्मेदारियों को निभाने को मजबूर हो चुके हैं। सरकारी विद्यालयों में लगातार बिगड़ रही स्थित से अभिभावकों व ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ते ही जा रही है जो जल्द जनआंदोलन के रुप में सामने आने का अंदेशा है। उप-शिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी के अनुसार चतुर्थ श्रेणी व क्लर्क के रिक्त पदों की सूचना समय समय पर उच्चाधिकारियों को भेजी जाती है। प्रधानाचार्यो की पदोन्नति का मामला न्यायालय में है। उच्चाधिकारियों के आदेशों के बाद आगे कदम बढ़ाए जाएंगे।
