🔳 कूड़ेदान वितरण तक सिमित होकर रह गया राष्ट्रव्यापी अभियान
🔳 कूड़ा निस्तारण न होने से भरे पड़े हैं कूड़ेदान
🔳 अव्यवस्था से पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण नाराज
🔳 जिम्मेदार अफसरों पर लगाया गांवों की उपेक्षा का आरोप
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्वच्छ भारत अभियान के तहत कूड़ेदान तो स्थापित कर दिए गए पर कूड़ा निस्तारण को ठोस उपाय न होने से कूड़ेदान कूड़े से भरे पड़े हैं। बजट खपाने के लिए महज कूड़ेदान वितरित कर इतिश्री किए जाने से क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व ग्रामीण ने गहरी नाराजगी जताई है। गांवों की उपेक्षा किए जाने का आरोप भी लगाया है।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत पिछली पंचवर्षीय योजना में बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में ग्रामीणों को सूखे व गीले कूड़े के लिए कूड़ेदान वितरित किए गए। सार्वजनिक स्थान पर बड़े कूड़ेदान लगाकर ग्रामीणों से कूड़ा एकत्र करने की अपील की गई। प्रत्येक पंचायत में कूड़ेदान बांट बकायदा जागरुकता अभियान भी चलाया गया। अभियान में कूड़ेदान खरीद व जागरुकता अभियानों में मोटा बजट भी खर्च किया गया। उम्मीद थी की गांवों से कूड़ा निस्तारण हो सकेगा पर उम्मीद धरी की धरी रह गई। गांवों में स्थापित किए गए कूड़ेदान कूड़े से भरे पड़े हैं। कूड़ा वाहन के गांव में न पहुंचने से हालत बद से बद्तर हो चुके हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विजय कुमार व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ब्यासी राजेंद्र कुमार, मनोज कुमार ने आरोप लगाया की सीम, सिल्टोना, ब्यासी, नौडा, देवलीखेत, गजार, फल्याडी, गरजोली आदि गांवों में आज तक कूड़ा वाहन नहीं पहुंचा है। कूड़ा निस्तारण न होने कूड़ेदान जगह जगह भरे पड़े हैं। कूड़ेदान वितरित कर महज बजट की बर्बादी की गई है। स्थानीय कमलेश कुमार, पियूष कुमार, कृपाल सिंह, नीरज बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह जलाल, सुरेश दुर्गापाल, पंकज जलाल, आन सिंह तड़ागी, राजेंद्र कुमार आदि ग्रामीणों ने भी गांवों की उपेक्षा पर गहरा रोष जताया है। कूड़ा वाहन के जरिए गांवों से कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। बीडीओ बेतालघाट पंकज जोशी के अनुसार कूड़ा वाहन का रोस्टर तैयार किया गया है। यदि रोस्टर के अनुसार वाहन गांवों में नहीं पहुंच रहा है तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।




