🔳 व्यापारियों ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
🔳 सड़क को गड्ढे मुक्त करने को मिट्टी के इस्तेमाल पर क्षेत्रवासियों में नाराजगी
🔳 बजट ठिकाने लगाने के बाद मिट्टी डालने पर जताया रोष
🔳 बेतालघाट व ताड़ीखेत ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर सामने आई लापरवाही
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से बेतालघाट व ताड़ीखेत ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मोटर मार्ग पर गड्ढे पाटने को धड़ल्ले से इस्तेमाल की जा रही मिट्टी से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। आरोप लगाया की कुंजगढ़ पुल के समीप गड्डे को पाटने के लिए कई बार पेंचवर्क व डामरीकरण में लाखों रुपये का बजट खर्च किया जा चुका है पर गड्ढा जस का तस है। अब मिट्टी डालकर इतिश्री की जा रही है।
बेतालघाट ब्लॉक के धारी, खैरनी, हल्सों, रतौडा, नैनीचैक, बर्धो, बढेरी, बेतालघाट तथा ताड़ीखेत के विशालकोट, तिपोला, टूनाकोट, बगवान समेत तमाम गांवों के किसान व ग्रामीण तथा स्कूली बच्चे स्टेट हाईवे से कुंजगढ़ पुल होते हुए गांवों को आवाजाही करते हैं। पुल से कुछ कदम की दूरी पर गड्ढा मुसीबत का सबब बन चुका है। कई बार पेंचवर्क व डामरीकरण के नाम पर गड्डे को पाटने के लिए लाखों रुपये का बजट खर्च किया जा चुका है पर घटिया कार्य से कुछ ही समय बाद गड्ढा सामने आ जाता है जिससे आवाजाही खतरनाक हो जाती है। बारिश में जलभराव भी समस्या बन जाती है। अब लोनिवि के अधिकारियों ने गड्डे को पाटने के मिट्टी का सहारा लिया है। स्थानीय सुनील मेहरा ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर आरोप लगाया है की कई बार बजट खर्च कर सरकारी धन की बर्बादी कर अब मिट्टी से सड़क को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भुजान कुलदीप सिंह ने कहा की गड्ढा बजट ठिकाने लगाने का जरिया बन चुका है। घटिया कार्य कर बजट की बर्बादी की जा रही है। गुणवत्तायुक्त कार्य कर निस्तारण नहीं किया जा रहा। क्षेत्रवासियों ने जल्द समस्या का समाधान न किए जाने पर अब गड्ढे में बैठकर ही धरना दिए जाने की चेतावनी दी है।




