🔳 राशन वितरण में घपला किए जाने का जताया अंदेशा
🔳 तीन महीने के राशन के लिए लगवाया अंगूठा, दिया दो माह का
🔳 रशीद तक उपलब्ध न कराने जाने पर जताई नाराजगी
🔳 जल्द जिलाधिकारी को मामले की जानकारी देने की दी चेतावनी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

सरकार से मिले आपदा के राशन में अनियमितता का आरोप लगा ग्रामीणों ने सस्ता गल्ला की दुकान पर खूब हंगामा किया। आरोप लगाया की तीन महीने के राशन के लिए अंगूठा तो लगवा लिया गया पर महज दो महीने का ही राशन उपलब्ध कराया गया है। ग्रामीणों ने कई गंभीर आरोप लगा मामले में कार्रवाई की मांग भी उठाई। दो टूक कहा की जल्द ही जिलाधिकारी को भी मामले की जानकारी दी जाएगी।
गुरुवार को रामगढ़ ब्लॉक के बज्यूठिया गांव के कई ग्रामीण भियालगांव स्थित सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान में जा धमके। ग्रामीणों ने कहा की राज्य सरकार से आपदा के मद्देनजर तीन महीने का अतिरिक्त राशन कार्डधारकों के लिए उपलब्ध कराया। यह राशन पूरे प्रदेश की दुकानों में भेजा गया पर भियालगांव स्थित सस्ता गल्ला विक्रेता ने तीन महीने में से महज दो माह का ही राशन वितरित किया जबकि कार्डधारकों से तीन बार अंगूठे के निशान लिए गए। आपदा के राशन में अनियमितता किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। मौके पर ग्रामीणों व सस्ता गल्ला विक्रेता की तीखी बहस भी हुई। स्थानीय करन सिंह नेगी ने कहा की कार्डधारकों को रशीद तक उपलब्ध नही करवाई जा रही। रशीद मांगने पर मशीन खराब होने का हवाला दे दिया जा रहा है। लगातार अनियमितता कर सरकारी राशन की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी किए जाने का अंदेशा भी जताया। ग्रामीणों ने एक स्वर में मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। दो टूक कहा की आपदा के राशन में की गई अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही जिलाधिकारी वंदना सिंह को भी पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी। पूर्ति निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार मामले की जांच की जाएगी। अनियमितता पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रताप सिंह नेगी, तेज सिंह, महेंद्र जीना, राजेंद्र सिंह नेगी, गोपाल नेगी, जितेन्द्र, कुंदन सिंह, कुंवर सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!