🔳 स्कूली बच्चों व राहगीरों की जिंदगी पर भी बढ़ता जा रहा जोखिम
🔳 हाईवे पर आवाजाही करने वाले वाहनों पर भी मंडरा रहा खतरा
🔳 व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने पेड़ों के निस्तारण की उठाई मांग
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी पर जताई गहरी नाराजगी
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में गिरताऊ हालत में पहुंच चुके विशालकाय पेड़ बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं बावजूद एनएच प्रशासन सुध नहीं ले रहा। पेड़ों से खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने खतरा टालने को समय रहते खतरा बन चुके पेड़ों का निस्तारण किए जाने की मांग उठाई है।
कुमाऊं की लाइफ लाइन के तौर पर पहचान रखने वाले महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रोजाना हजारों छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। गरमपानी व खैरना बाजार क्षेत्र में आवाजाही करने वाले वाहनों पर दुर्घटना का जोखिम बढ़ता ही जा रहा है। हाईवे पर बाजार क्षेत्र में जगह जगह विभिन्न प्रजाती के विशालकाय पेड़ गिरताऊ हालत में पहुंच गए हैं जिस कारण कभी भी पेड़ों के धराशाई होने का खतरा बना हुआ है। हवा के तेज झौंके में भी गिरताऊ हालत में पहुंच चुके वर्षों पुराने पेड़ों से टहनियां गिरकर हाईवे पर गिर रही है जिससे बाजार क्षेत्र में आवाजाही करने वाले राहगीरों व स्कूली नौनिहालों की जिंदगी पर भी संकट बढ़ता ही जा रहा है। विशालकाय पेड़ों के आवासीय भवनों की ओर झुकने से दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने अंदेशा जताया है की कभी पेड़ गिरने से बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है। बाजार क्षेत्र के लोग भी जान हथेली पर आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। ग्राम प्रधान उषा पिनारी, त्रिलोचन बुधलाकोटी, देवी दत्त कत्यूरा, भुवन चंद्र जोशी, जेडी कत्यूरा, कुंदन लाल, धारा बल्लभ, मोहन सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रमोद आर्या, रोहित, बालम सिंह ने समय रहते पेड़ों का निस्तारण किए जाने पर जोर दिया है। लगातार खतरा बढ़ने के बावजूद एनएच प्रशासन के सुध न लेने पर गहरी नाराजगी भी जताई है।




