🔳 महिलाओं को साथ लेकर गांव के महत्वपूर्ण रास्ते की सफाई में जुटी
🔳 पांच घंटे तक अभियान चलाकर किया झाड़ियों का निस्तारण
🔳 ग्राम प्रधान के अभियान की स्थानीय लोगों ने की सराहना
🔳 प्रधान बोली – हवा हवाई दावे नहीं धरातल पर होगा काम
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के मल्ला बर्धो गांव की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान गांव की कमान के साथ ही एक्शन मोड में आ गई है। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान ने गांव की महिलाओं को साथ लेकर गांव के अहम रास्तों की सफाई का जिम्मा उठा रास्ते में आवाजाही प्रभावित कर रही झाड़ियों का निस्तारण किया। विशेष सफाई अभियान चलाकर जगह जगह गंदगी इकठ्ठा कर लोगों से साफ सफाई का ध्यान रखने का आह्वान किया।गांव की मुखिया के खुद सफाई अभियान में उतरने से स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
स्कूलों की आवाजाही के साथ ही गांवों में पहुंचने वाले पैदल रास्ते स्थानीय लोगों के लिए जीवन रेखा से कम नहीं हुई। जिम्मेदारों की अनदेखी से पैदल रास्ते झाड़ियों से पटे पड़े हैं। बड़ी बड़ी झाड़ियों के बीच जंगली जानवरों के छिपे रहने के अंदेशे से स्कूली बच्चों व पैदल आवाजाही करने वालों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है पर सुध नहीं ली जा रही। गांव पैदल मार्ग पर झाड़ियों से खतरा बढ़ने पर रविवार को नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान आशा मेहरा ने ही कदम आगे बढ़ा लिए। गांव की मुखिया के आह्वान पर गांव की महिलाओं ने महत्वपूर्ण रास्ते की सफाई का बीड़ा उठा लिया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रास्तों को चपेट में ले चुकी झाड़ियों का निस्तारण किया गया। रास्तों में जगह जगह फैले कूड़े को भी हटवाया गया। ग्राम प्रधान आशा ने कहा की किसी भी कार्य के लिए इंतजार नही बल्कि इच्छाशक्ति जरुरी है। अब दावे नहीं बल्कि धरातल पर कार्य करके दिखाया जाएगा। गांव के विकास को गंभीरता से कार्य करने का भरोसा दिलाया। ग्राम प्रधान के उठाए गए कदम की गांव के लोगों ने सराहना की। कहा की जिस गांव में आशा जैसी ग्राम प्रधान होगी उस गांव का निश्चित ही विकास होगा। इस दौरान कमला देवी, बंसती देवी, हेमा, लीला, कांति, विमला, मीना, नंदी, रमेश मेहरा, रंजीत मेहरा, गोधन बोहरा, मनीष बोहरा, भरत करायत, संतोष सिंह ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।




