🔳 बेतालघाट ब्लॉक में कड़ी निगरानी के बीच शुरु हुई प्रक्रिया
🔳 शांति व्यवस्था को मुस्तैद रहे पुलिसकर्मी, होमगार्ड व पीआरडी जवान
🔳 नामांकन के बाद माहौल पक्ष में करने को जुटे प्रत्याशी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरु होने से ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट में दिनभर प्रत्याशियों की खासी भीड़ जुटी रही। पहले दिन ग्राम प्रधान के लिए पांच जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दो लोगों ने नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान ब्लॉक मुख्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय में सुबह से ही भीड़भाड़ रही। अलग अलग गांवों से समर्थकों के साथ ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे प्रत्याशियों ने ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दावा ठोंका। निर्वाचन अधिकारी पल्लवी चौधरी की निगरानी में नामांकन पत्रों की बिक्री व नामांकन प्रक्रिया शुरु हुई। शांति व्यवस्था बनाए रखने को सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे। पहले दिन सिरोडी, कटिमीगजार, उल्गौर, पटौडी, सुनस्यारी गांव में प्रधान पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया जबकि हरतपा व पटौडी सुनस्यारी गांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दो दावेदारों ने नामांकन किया। ब्लॉक मुख्यालय परिसर के बाहर समर्थकों भी उत्साहित दिखे। नामांकन कराने के बाद अब दावेदार माहौल अपने पक्ष में करने को जुट गए हैं। निर्वाचन अधिकारी पल्लवी चौधरी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया में नियमों का पूरा पालन करवाया जा रहा है। कड़ी निगरानी के बीच प्रकिया पूरी की जा रही है।
