🔳 प्रधानाचार्यो, प्रवक्ताओं के बाद अब बीईओ व एबीईओ का पद भी रिक्त
🔳 बेतालघाट ब्लॉक में जिम्मेदार पदों पर प्रभारी बैठाकर की जा रही इतिश्री
🔳 बीइओ कार्यालय में छह महत्वपूर्ण पदों में पांच रिक्त
🔳 19 विद्यालयों में से महज एक में स्थाई प्रधानाचार्य की तैनाती
🔳 विभिन्न विद्यालयों में 33 प्रवक्ताओं के पद भी खाली
🔳 एलटी शिक्षकों के 30 खाली पदों पर गेस्ट टीचरों की तैनाती से व्यवस्था कामचलाऊ
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
नैनीताल जनपद के बेतालघाट ब्लॉक में प्रधानाचार्यो, प्रवक्ताओं व शिक्षकों की कमी के बाद अब खंड शिक्षा अधिकारी का पद भी रिक्त हो गया है। बामुश्किल प्रभारी के जिम्मे व्यवस्था संचालित की जा रही है। पहले ही पिछले दो वर्ष से एबीईओ की कुर्सी खाली है। खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में पांच कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। 18 विद्यालयों में प्रधानाचार्य व 33 प्रवक्ताओं की कमी शिक्षा व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहे हैं। एलटी में भी तीस शिक्षकों के पदों पर गेस्ट शिक्षक जिम्मेदारी संभाले है।
बेतालघाट ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था बुरे दौर से गुजर रही है। कई प्राथमिक विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित है तो 18 विद्यालयों में प्रधानाचार्य के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हुए हैं। बामुश्किल विद्यालय से ही वरिष्ठ शिक्षक को प्रभारी के रुप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद आज तक नहीं भरे जा सके है। प्रवक्ताओं के न होने से नौनिहालों का भविष्य गर्त में जा रहा है यही नहीं एलटी के तीस स्थाई पदों पर गेस्ट टीचर तैनात हैं। लगातार बिगड़ रही स्थित के बीच अब खंड शिक्षा अधिकारी का पद भी खाली हो गया है। पिछले दो वर्षों में ही तारा सिंह, हवलदार प्रसाद, अशुंल सिंह के रुप में प्रभारी बीईओ देख चुकी कुर्सी पर अब प्रशासनिक अधिकारी सत्येन्द्र बेरी को प्रभारी के रुप में बैठाकर इतिश्री कर दी गई है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं की पिछले दो वर्ष से शिक्षा विभाग को स्थाई एबीईओ तक नहीं मिल सका है। जिस कारण एबीईओ की कुर्सी आज भी खाली पड़ी है। जिम्मेदारों की अनदेखी इतनी भारी पड़ती जा रही है की विभागीय कार्यों के लिए उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में छह पदों में महज एक कर्मी जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। पांच महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की जब ब्लॉक में मुखिया का पद ही रिक्त पड़ा है तो व्यवस्था दुरुस्त होना मुश्किल है। जिला शिक्षा अधिकारी एचबी चंद्र के अनुसार पदोन्नति के बाद ही प्रधानाचार्यो की तैनाती हो पाएगी। बीइओ व एबीईओ पदों पर स्थाई तैनाती तक लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रयास किया जा रहा है की जल्द व्यवस्था दुरुस्त हो सके।




