🔳अराजक तत्वों ने जेजेएम योजना की लाइन में भर दिए थे पत्थर व मिटृटी
🔳आपूर्ति प्रभावित होने से परेशान रहे तीन सौ से ज्यादा परिवार
🔳दिन रात पाइप लाइन की सफाई में जुटे रहे गांव के बाशिंदे
🔳आपूर्ति सुचारु होने के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
🔳अराजक तत्वों के खिलाफ उठाई कार्रवाई की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के मल्लाकोट समेत आसपास के गांवों में ग्रामीणों ने पांच दिन की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी। अराजक तत्वों ने जल जीवन मिशन योजना की पाइप लाइन में पत्थर व मिट्टी भरकर गांव की आपूर्ति बाधित कर दी थी। ग्रामीणों ने जल संस्थान के सहयोग से बामुश्किल पाइप में जगह जगह फंस चुके पत्थरों को निकाल पेयजल आपूर्ति सुचारु की। गांव में समुचित पेयजल आपूर्ति होने से अब लगभग तीन सौ से ज्यादा परिवारों ने राहत की सांस ली है।
बीते दिनों अराजक तत्वों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगमोहन सिंह जलाल की कार को आग के हवाले करने के बाद मल्लाकोट, खूणा समेत आसपास के क्षेत्रों को पेयजल उपलब्ध कराने को बनी जल जीवन मिशन योजना के मुख्य स्रोत धुरापातल क्षेत्र में पाइपों में पत्थर व मिट्टी डालकर गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित कर दी। गांवों के तीन सौ से ज्यादा परिवार आपूर्ति प्रभावित होने से परेशान हो गए। ग्रामीणों ने स्रोत पर पहुंच पाइप लाइन का निरीक्षण किया तो जगह जगह पत्थर व मिट्टी डाले जाने की पुष्टि हुई। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी साथ ही पुलिस प्रशासन से भी अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बंध पड़ी पाइप लाइन को खोलने का प्रयास शुरु किया। रोजाना गांव से मुख्य स्रोत पर पहुंच कार्य करने के बाद आखिरकार गांव की पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई। ग्रामीणों ने सहयोग के लिए जल संस्थान का भी आभार व्यक्त किया। लाइन को दुरुस्त करने में कृपाल सिंह मेहरा, संजू पांडे, पंकज सिंह, जगदीश जलाल, भुवन सिंह पनौरा, नवीन सिंह, हीरा सिंह जलाल, दयाल सिंह जलाल आदि ग्रामीण पांच दिनों तक लगातार रात दिन जुटे रहे।




