🔳छह करोड़ रुपये मिलने के बाद भी आज तक शुरु नहीं हो सके कार्य
🔳विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर खड़े होने लगे हैं सवाल
🔳अफसरों की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को मजबूर हुए कास्तकार
🔳चार वर्ष पूर्व आपदा ने नहरों को पहुंचाया था भारी नुकसान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सरकार से भारी भरकम बजट मिलने के बावजूद बेतालघाट ब्लॉक की कई महत्वपूर्ण सिंचाई नहरें आज भी बेदम पड़ी है। करीब 11 नहरों की मरम्मत के लिए छह करोड़ रुपये का भारी भरकम बजट उपलब्ध होने के बावजूद आज तक नहरों की मरम्मत का कार्य शुरु नहीं हो सका है। सिंचाई के पानी की राह देख रहे मायूस किसानों ने अधिकारियों पर हितों से खिलवाड़ किए जाने का आरोप भी लगाया है।
बेतालघाट ब्लॉक की करीब 11 महत्वपूर्ण सिंचाई नहरें चार वर्ष पूर्व आपदा की भेंट चढ़ गई। सिंचाई नहरों के ध्वस्त हो जाने से किसानों को भी भारी नुक्सान उठाना पड़ा। लगातार मांग उठने के बाद सरकार ने बीते दिसंबर में गांवों में चार वर्ष से ध्वस्त पड़ी मझेडा, बर्धो , सेठी, अपर लेफ्ट व लोअर लेफ्ट समेत 11 सिंचाई नहरों की मरम्मत को छह करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। सिंचाई विभाग ने बकायदा निविदा प्रक्रिया भी समय रहते पूरी कर ली । उम्मीद जगी की जल्द कार्य शुरु हो सकेंगे पर आज तक स्थित जस की तस बनी हुई है । सरकार से बजट मिलने के बावजूद सिंचाई नहरों को दुरुस्त किए जाने का कार्य न होने से किसान मायूस हो चुके हैं। पहले ही बारिश न होने से खेतीबाड़ी प्रभावित हो चुकी है और अब सिंचाई नहरों का कार्य न होने से किसानों के ज़ख्मों में नमक छिड़कने का कार्य किया जा रहा है। बजट मिले पांच महीने का लंबा समय बीतने के बावजूद कार्य शुरु न होने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने भी गहरी नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी के अनुसार सिंचाई विभाग के अधिकारी किसानों के हितों से खिलवाड़ पर आमादा है। कई फसलें सिंचाई के आभाव में बर्बाद हो चुकी है पर अफसर लापरवाह बने हुए हैं। आरोप लगाया की नहरों की मरम्मत व निर्माण के नाम पर महज छलावा किया जा रहा है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द कार्य शुरु नही किए गए तो पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन की तैयारी की जाएगी। इधर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एके सिंह ने दावा किया है की जल्द ही कार्य शुरु करवाए जाएंगे।




