🔳छियोडी धूरा वन पंचायत से धधकी आग हुई विकराल
🔳घास के लुट्टो को राख करती हुई पहुंच गई जंगल के नजदीक
🔳वन कर्मियों, फायर वाचर व ग्रामीणों ने फायर लाइन काट टाली बड़ी घटना
🔳समय रहते बचा लिया गांव से सटा जंगल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
वन पंचायत से धधकी आग की लपटों के जंगलात के नजदीक तक पहुंचने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद बामुश्किल आग की लपटों पर काबू पाया। समय पर फायर लाइन काट लपटों को जंगल तक पहुंचने से रोक लिया गया। हालांकि वन पंचायत क्षेत्र में ग्रामीण के दो घास के लुट्टे आग की भेंट चढ़ गए।
बुधवार को छियोडी धुरा वन पंचायत क्षेत्र में भीषण आग धधक उठी। देखते ही देखते आग की लपटें विकराल होती चली गई। आग ने स्थानीय पशुपालक डूंगर सिंह के घास के दो दुपट्टे जलाकर राख कर दिए। आबादी तक आग पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग पर बामुश्किल काबू पाया। कुछ ही देर में आग ने गांव से सटे बांज व चीड़ के घने जंगल की ओर रुख कर लिया। सूचना पर वन विभाग की उत्तरी गोला वन क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से जंगल को बचाने की कवायद शुरु की गई। वन कर्मियों ने फायर लाइन काटनी शुरु की। आग की भीषण लपटों ने कई बार वन कर्मियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया बावजूद कर्मियों ने हार नहीं मानी। करीब छह घंटे तक चले अभियान के बाद आखिरकार जंगल तक पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। जंगल के बचने के बाद वन विभाग व गांव के बाशिंदों ने राहत की सांस ली। इस दौरान नर सिंह अधिकारी, करन सिंह नेगी, मोती राम, चंदन सिंह आदि जुटे रहे।




