🔳जंगलों को बचाने को एकजुट होकर कदम बढ़ाने का लिया संकल्प
🔳रामगढ़ ब्लॉक के दियारी गांव में हुई बैठक में लिया गया निर्णय
🔳विभिन्न स्वयं सहायता समूह, वन व ग्राम पंचायत समिति चुनौती से निपटने को हुई तैयार
🔳समय रहते न चेते तो भुगतने होंगे गंभीर परिणाम
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के दियारी गांव में हुई ग्राम पंचायत की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्रामीण विकास का खाका तैयार किया गया। गांव की सरकार ने चुनौती बन चुकी जंगलों की आग से मिलजुल कर निपटने का संकल्प लिया। तय हुआ की जंगलों को बचाने के लिए ठोस उपाय किए जाएंगे।
बुधवार को ग्राम प्रधान लीला देवी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की बैठक हुई। ग्राम पंचायत में पूर्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी गई। भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा कर रुप रेखा तैयार की गई। बैठक में जंगलों में धधक रही आग का मामला जोरशोर से उठा। जंगलों को आग से हो रहे नुकसान तथा जंगली जानवरों के आबादी को रुख करने से भविष्य में होने वाले खतरे पर मंथन किया गया। सर्वसम्मति से तय हुआ की अब जंगलों को बचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूह, महिला समूह, नव युवक मंगल दल, महिला मंगल दल सदस्यों ने एकजुट होकर जंगलों को आग से बचाने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधान लीला देवी ने खुले में कूड़ा न जलाने तथा जंगलों को आग के हवाले करने वाले लोगों को सूचना वन विभाग व प्रशासन को देने का आह्वान किया। कहा की जंगलों को बचाना हमारी भी नैतिक जिम्मेदारी है। प्रकृति को नुकसान होगा तथा खामियाजा हम सबको उठाना होगा। तय हुआ की आग की घटनाओं को रोकने के लिए सभी हर समय तैयार रहेंगे। वक्ताओं ने कहा की यदि समय रहते जंगलों को नहीं बचाया गया तो भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस दौरान संरपच नीरज तिवारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संजय टम्टा, चंद्रशेखर, पूरन कबडवाल, हरीश कपिल , पूरन राम, आशु शर्मा, दीपा बिष्ट, कमला भट्ट समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।




