🔳आए दिन सुबह से शाम तक जाम लगने से क्षेत्रवासी परेशान
🔳बाजार क्षेत्र में वाहनों की कतार लगने से बढ़ रहा जोखिम
🔳बाजार में बेतरतीब ढंग से वाहनों के पार्क होने से भी खड़ी हो रही समस्या
🔳दुकानों के सामान, बोर्ड आदि से भी सिकुड़ चुका हाइवे
🔳अतिक्रमण के दोबारा मुंह उठाने से पैदल चलने तक को नहीं बचा रास्ता
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार जाम का बाजार बन चुका है। सुबह से शाम तक कई बार लग रहे जाम से बाजार क्षेत्र में राहगीर व स्कूली बच्चों के लिए आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। बाजार क्षेत्र में दुकानों का सामना हाइवे तक फैला दिए जाने से पैदल चलने तक को रास्ता नहीं बचा है जबकि बाजार में जहां तहां बेतरतीब ढंग से पार्क किए जाने वाले वाहन भी जाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
हाइवे पर स्थित गरमपानी – खैरना बाजार क्षेत्र में जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है। रोजाना बाजार क्षेत्र में छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग जा रही है। जाम लगने से जहां पर्यटक व यात्री परेशान हैं वहीं स्कूली बच्चों व राहगीरों पर भी दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र में पार्किंग को समुचित जगह उपलब्ध होने के बावजूद कई वाहन चालक वाहनों को मनमाने ढंग से बाजार में जहां तहां पार्क कर दे रहे हैं जो जाम की बड़ी वजह बन रही है। वहीं कई दुकानदार सामान व बोर्ड आदि हाईवे तक लगा दे रहे हैं जिससे हाइवे लगातार सिकुड़ता जा रहा है। वाहनों की आवाजाही होने पर पैदल आवाजाही करने वालों के लिए रत्ती भर जगह नहीं बची है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र को जाम से मुक्त करने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा भी जताया है।




