🔳खीनापानी क्षेत्र में पुल के नजदीक मोड़ होने से पैदा हुआ जोखिम
🔳वाहन चालक जान हथेली पर आवाजाही को हुए मजबूर
🔳क्षेत्रवासियों ने सुरक्षित यातायात को ठोस उपाय किए जाने की उठाई मांग
🔳अनदेखी पर आंदोलन की रणनीति तैयार करने की दी चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर चार करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से तैयार किए गए टू-लेन सेतू के नजदीक तीखा मोड़ हो जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने कभी भी बड़ी घटना होने का अंदेशा जताया है। आरोप लगाया है की सेतू निर्माण कर इतिश्री कर दी गई है जबकि आवाजाही में दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है।
हाइवे पर काकड़ीघाट से क्वारब क्षेत्र तक दस किमी दायरे में हाइवे चौड़ीकरण किया गया। ब्रितानी दौर के वर्षो पुराने सेतूओं के स्थान पर कई जगह नई पुलों का भी निर्माण किया गया। लोगों को सुगम यातायात की उम्मीद जगी पर सुयालबाड़ी बाजार से आगे खीनापानी क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से तैयार सेतू पर वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल के एक छोर पर तीखा मोड़ हो जाने से बढ़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। वाहन चालक खतरा उठाकर आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार पुल निर्माण तो कर दिया गया है पर लगातार मंडरा रहे खतरे को ध्यान में न रख लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर दिया गया है। ग्राम प्रधान इंदु जीना, व्यापारी नेता पंकज नेगी, कुबेर सिंह आदि ने सुरक्षित यातायात को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो फिर एनएच विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। इधर एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार पुल के नजदीक व्यवसायिक भूमि होने पर जमीन का मुआवजा दोबारा बनाकर भेजा गया है। कार्रवाई गतिमान है। जमीन हस्तांतरण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर चेतावनी बोर्ड भी लगाया जाएगा।




