🔳तीन महीने से कूड़ा निस्तारण न होने से बिगड़ रहे हालात
🔳संक्रामक बिमारियों के फैलने का खतरा भी हुआ दोगुना
🔳अव्यवस्था से चढ़ने लगा है व्यापारियों का पारा
🔳जल्द व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की उठाई पुरजोर मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण न होने से व्यापारियों ने जिला पंचायत पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। समुचित शुल्क अदायगी के बावजूद सुध न लिए जाने से बाजार क्षेत्रों में व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। व्यापारियों ने आरोप लगाया है की तीन महीने से बाजार का कूड़ा नहीं उठाया जा रहा जिससे जगह जगह कूड़े के ढेर लग चुके हैं। चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो फिर आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।
हाइवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में जिला पंचायत नैनीताल ने कूड़ा वाहन के जरिए कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था बनाई है। बकायदा व्यापारी इसके लिए अतिरिक्त भुगतान भी करते हैं बावजूद कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था चाक चौबंद नहीं है। वहीं नैनीपुल, खीनापानी, क्वारब आदि बाजार क्षेत्रों में तीन महीने से कूड़ा निस्तारण नहीं किया जा सका है जबकि व्यापारी लंबे समय से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठा रहे हैं। व्यापारी नेता कुबेर सिंह जीना के अनुसार कूड़ा निस्तारण को पहुंचने वाले कर्मचारी महज सुयालबाड़ी बाजार तक की ही जिम्मेदारी होने की बात कह रहे हैं जबकि पहले क्वारब बाजार क्षेत्र तक कूड़ा वाहन के जरिए निस्तारण किया जाता था। तीन महीने से निस्तारण न होने से बाजार क्षेत्र में जगह जगह कूड़े का ढेर लग चुका है। संक्रामक बिमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नैनीपुल विपिन चंद्र गुर्रानी, धरम सिंह बिष्ट, नवीन तिवाड़ी, बालमुकुंद सिंह जीना, सुंदर सिंह, रमेश सिंह, दीवान सिंह, चंदन सिंह जीना, बहादुर सिंह आदि व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों की उपेक्षा पर गहरा रोष जताया है। जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

error: Content is protected !!