🔳39 करोड़ रुपये का बजट होने के बावजूद मिट्टी से भरे जा रहे गड्डे
🔳दुर्घटना के लिहाज से खतरनाक हाइवे पर जोखिम हुआ दोगुना
🔳बजट के बावजूद मिट्टी का इस्तेमाल किए जाने से एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
🔳पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने जताया रोष
🔳हाइवे को दुरुस्त किए जाने के नाम पर बजट ठिकाने लगाने का लगाया आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कुमाऊं की लाइफ लाइन कहे जाने वाले अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। यह हालत तब है जब केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय करीब 39 करोड़ रुपये का भारी भरकम बजट एनएच प्रशासन को उपलब्ध करा चुका है। बावजूद हालत बद से बद्तर होते जा रहे हैं। भारी भरकम बजट होने के बाद भी गड्डे पाटने को मिट्टी का इस्तेमाल कर बजट ठिकाने लगाया जा रहा है।
दुर्घटनाओं के लिहाज से अतिसंवेदनशील हाइवे पर जोखिम कम होने का नाम नहीं ले रहा। अब विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली आवाजाही करने वाले लोगों पर भारी पड़ती जा रही है। लगभग 39 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट होने के बावजूद जगह जगह मिट्टी व कंकर से गड्डे पाट दिए गए हैं। गड्ढों में मिट्टी व कंकर भर दिए जाने से आवाजाही और ज्यादा खतरनाक हो गई है। दोपहिया वाहन चालक रपटकर घायल होते जा रहे हैं। करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद मिट्टी व कंकर से महत्वपूर्ण हाइवे को गड्डे मुक्त करने के कार्य से एनएच प्रशासन की लापरवाही की हकीकत उजागर भी हो रही है। हाइवे पर रातीघाट, रामगढ़, दोपांखी समेत तमाम क्षेत्रों में गड्ढों पाटने को भ्रष्टाचार की मिट्टी डाल दी गई है। विभागीय लापरवाही से पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने गहरा रोष जताया है। व्यापारी नेता मनीष तिवारी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गजेन्द्र सिंह नेगी ने आरोप लगाया की आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। मिट्टी से हाइवे के गड्डे पाटकर भारी भरकम बजट ठिकाने लगाया जा रहा है। ग्राम प्रधान शेखर दानी, कोसी घाटी जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष दयाल सिंह, पंकज नेगी, विक्रम सिंह बिष्ट, गोधन सिंह बिष्ट, रघुराज सिंह बर्गली ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान ले कार्रवाई की मांग उठाई है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार ज्योलिकोट क्षेत्र से हाटमिक्स कार्य शुरु कर दिया गया है। जल्द ही अन्य स्थानों पर भी हाटमिक्स कराया जाएगा।




