🔳पहाड़ की संदेशवाहक ऐपण कला से विशेष रुप से मंदिर को दिया जा रहा नया रुप
🔳हल्द्वानी व मुक्तेश्वर की महिला कलाकारों को सौंपी गई है जिम्मेदारी
🔳गांव के बाशिंदे बढ़-चढ़ कर रहे सहयोग
🔳मां गर्जिया के रुप में ही अमेल गांव में स्थापित है मां अमेल देवी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के अमेल गांव में स्थित ऐतिहासिक मां अमेल देवी के परिसर में अब भक्तों को मंदिर स्थापना की पूरी जानकारी मिल सकेगी। हल्द्वानी व मुक्तेश्वर की दो कलाकारों ने मंदिर परिसर को ऐपण व अपनी चित्रकारी की कला से भव्य रुप दे दिया है। मां की स्थापना का वर्णन चित्र के जरिए ऐसा उकेरा है जैसे चित्र अभी बोल उठे। ग्राम प्रधान पूजा फुलारा के अनुसार मंदिर को भव्य रुप देने के लिए गांव के बाशिंदे बढ़-चढ़ कर सहयोग कर रहे हैं।
अमेल गांव में स्थित मां अमेल देवी मंदिर को ऐपण कला के माध्यम से नया रुप दिया जा रहा है। वहीं मान्यताओं के अनुसार माता के अमेल देवी के रुप में स्थापित होने का पूरा वर्णन भी चित्र के रुप से दर्शाया जा रहा है। मुक्तेश्वर निवासी हिमानी व हल्द्वानी निवासी गरीमा अपनी कला से मंदिर को नया रुप देने में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर के श्रंगार में जुटी हिमानी देश के नए संसद भवन में भी ऐपण कला का डंका बजा चुकी है। गांव के बाशिंदों के सहयोग से दोनों ही कलाकार मंदिर में ऐपण कला व कथाओं में मिली जानकारी के अनुसार माता के मंदिर की स्थापना को चित्र कला के माध्यम तैयार करने में जुटे हुए हैं। मंदिर को दिए जा रहे नए रुप को देखने तमाम गांवों से लोग रोजाना मां अमेल देवी मंदिर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार मां अमेल देवी को भी गर्जिया माता का ही रुप माना जाता है। गांव के बुजुर्गो से राय-मशविरा कर कथाओं को आधार मान मां के अमेल देवी के रुप में स्थापित होने की पूरी जानकारी चित्रों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है। जबकि पहाड़ की संस्कृति की संदेशवाहक ऐपण कला से भी मंदिर को विशेष रुप से सजाया जा रहा है। ग्राम प्रधान पूजा फुलारा के अनुसार मंदिर में श्रीमद् देवी भागवत कथा की तैयारी की जाएगी। ग्राम प्रधान ने बताया की मंदिर को विशेष रुप देने में गांव के बाशिंदे बढ़-चढ़ कर सहयोग कर रहे हैं। मनोकामना पूर्ण करने वाली मां अमेल देवी मंदिर परिसर अब नए रुप में नजर आऐगा।




