🔳मां, पत्नी व बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया राजेंद्र
🔳पति की मौत, पत्नी लड़ रही जिंदगी की जंग
🔳मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की उठी मांग
🔳 जिसने भी सुना वह दौड़ा घटना की ओर
(((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांव में दो महीने से जल जीवन मिशन योजना का कार्य में जुटे नेपाली मूल के श्रमिकों की मंगलवार को वतन वापसी की तैयारी थी। बकायदा श्रमिकों ने ठेकेदार को अपने नेपाल स्थित चीसापानी गांव में गेहूं कटाई का कार्य पूरा करने के बाद वापस काम पर लौटने का भरोसा भी दिलाया। ठेकेदार ने हिसाब किया तो श्रमिकों का मन बदल गया और मंगलवार की जगह श्रमिकों ने सोमवार को ही वतन वापसी का कार्यक्रम तैयार कर लिया। आनन फानन में वाहन भी बुला लिया। पर श्रमिकों को जरा भी अंदेशा नहीं होगा की यह रात उनकी आखिरी रात होगी। ग्रामीणों के अनुसार सभी मृतक आपस में रिश्तेदार भी थे। पूर्व में बातचीत में कई बार श्रमिकों ने यह बात साझा भी की थी। ग्रामीण बताते हैं की श्रमिकों को घर लौटने की इतनी जल्दी थी की पाइप लाइन बिछाने का कार्य समय पर निपटा दिया था।
मां, पत्नी व बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया राजेंद्र
हादसे का शिकार हुआ वाहन चालक राजेंद्र स्वयं पिकअप वाहन का स्वामी था। गांव से सब्जियां खरीद वह रामनगर मंडी में सब्जियों को बेचकर अपने परिवार की आजीविका चलाता। सोमवार को भी वह मटर लेकर रामनगर को रवाना हुआ। सूचना मिलने पर नेपाली मूल के श्रमिकों ने भी राजेंद्र से संपर्क साध चलने की बात कही। राजेंद्र वाहन लेकर तय समय पर श्रमिकों के बताए स्थान पर भी पहुंच गया। वाहन में नेपाली मूल के श्रमिक को लेकर व कुछ आगे बड़ा ही था की तभी वाहन असंतुलित होकर लगभग दो सौ मीटर खाई की ओर पलटता चला गया। वाहन गिरने की आवाज सुन व लोगों की चीख पुकार से ग्रामीणों ने घुप्प अंधेरे में भी खाई में उतरकर सबको बचाने का प्रयास किया पर तब तक राजेंद्र समेत कई अन्य श्रमिक दम तोड़ चुके थे। घटना के बाद से मृतक के स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। हादसे का शिकार राजेंद्र अपने पीछे बुजुर्ग मां, पत्नी व तीन बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है।
पति की मौत पत्नी लड़ रही जिंदगी की जंग
हादसे में मारे गए श्रमिक आपस में रिश्तेदार थे जबकि गंभीर रुप से घायल शांति चौधरी दुर्घटना में अपने पति धीरज को खो चुकी है। शांति को गहरी खाई से निकालकर बेतालघाट स्थित सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में डा. सुशीला तिवारी अस्पताल रैफर किया गया है। जहां शांति जिंदगी की जंग लड़ रही है। पति धीरज की हादसे में मौत हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार सभी श्रमिकों की तरह ही दोनों पति पत्नी भी सरल स्वभाव के थे। मवेशियों के लिए चारा पत्ती लेने जाने वाली महिलाओं से शांति खूब बातचीत करती जब की हादसे में मौत का शिकार हुआ धीरज भी गांव के लोगों के कई काम करता।
मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की उठाई मांग
ऊंचाकोट क्षेत्र में हुए हादसे में मारे गए नेपाली मूल के श्रमिक व ओडाबास्कोट गांव के वाहन चालक के स्वजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग जोर पकड़ गई है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी, व्यापारी नेता तारा भंडारी, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह नेगी, विजय कुमार, मदन सिंह दरमाल, दिलीप सिंह नेगी, दयाल सिंह दरमाल, दिलिप बोहरा आदि ने मृतकों के स्वजनों को मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




