🔳विकेंड पर बड़ा हाइवे पर यातायात का दबाव
🔳खैरना से भवाली तक कई बार लगे जाम में फंसते चले गए वाहन
🔳यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में छूटे पुलिस कर्मियों के पसीने
🔳हजारों श्रद्धालुओं ने टेका बाबा के दर पर मत्था
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में शनिवार को हजारों बाबा भक्तों ने बाबा नीम करौली के दर पर मत्था टेका। सुबह से शाम तक मंदिर से सड़क तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रहीं। विकेंड पर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर भी यातायात का दबाव भी दोगुना हो गया। खैरना से भवाली तक कई बार जाम लगा। खैरना व कैंची पुलिस की टीम यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी रही।
शनिवार सुबह से ही कैंची धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा। अलग अलग क्षेत्रों से पहुंचे बाबा भक्त सुबह छह बजे से ही मंदिर पहुंचना शुरु हो गए। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली गई। बाबा नीम करौरी के जयकारों के बीच भक्तों ने बाबा के दर पर मत्था टेका। हनुमान चालीसा का पाठ कर सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की। शाम होते-होते हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने विशेष प्रबंध किए। हाइवे पर यातायात का दबाव बढ़ने से कई बार जाम लगा रहा। छोटे बड़े वाहन जाम में फंसते चले गए हालांकि कैंची व खैरना पुलिस की टीम यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी रही। हाइवे पर कई जगह वन वे आवाजाही होने से जाम की समस्या आम हो चुकी है।




