🔳रामगढ़ ब्लॉक के बज्यूठिया गांव में 64 लाख रुपये की योजना में घपला
🔳तय मानक के उलट आधा इंच के पाइप बिछाकर आपूर्ति की गई सुचारु
🔳कई परिवारों के घर तक नहीं हो सके कनेक्शन
🔳ग्रामीणों ने उठाई मामले में कार्रवाई की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सूदूर गांवों में महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना सरकारी बजट ठिकाने लगाने का जरिया बन चुकी है। रामगढ़ ब्लॉक के बज्यूठिया गांव में योजना के तहत किए गया कार्य इसकी हकीकत बयां कर रहा है। मानकों को ताक पर रख उपभोक्ताओं को आधा इंच के पाइप से पेयजल मुहैया कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। सहायक अभियंता सुभाष गंगोला के अनुसार योजना का कार्य गतिमान है। पाइपों को बदलने के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया गया है।
जल जीवन मिशन योजना में तमाम अनियमितता के मामले सामने आने के बावजूद अफसर बेपरवाह बने हुए हैं। गांवों में योजना से जुड़े कार्यों में लगातार हिलाहवाली की जा रही है। जिसका खामियाजा भविष्य में गांवो के बाशिंदों को भुगतना पड़ सकता है। रामगढ़ ब्लॉक के सूदूर बज्यूठिया गांव में विभागीय अनदेखी का ताजा मामला सामने आया है। गांव में पानी का सूखा खत्म करने को जेजेएम मिशन योजना के तहत करीब 64 लाख रुपये की भारी भरकम धनराशि खर्च की गई। उम्मीद जगी की ग्रामीणों को अब पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। कार्य शुरु होने के साथ ही ठेकेदार की मनमानी भी शुरु हो गई। विभागीय अफसरों की अनदेखी का फायदा उठाकर ठेकेदार ने नियमों को ताक पर रख मानक के उलट आधा इंच की पाइप लाइन बेचकर गांव में आपूर्ति सुचारु कर दी। बकायदा गांव के समीप बोर्ड लगाकर कार्य पूर्ण का बोर्ड भी स्थापित कर दिया गया। गांव के लोगों ने मामले में गहरी नाराजगी जताई है। स्थानीय करन सिंह नेगी के अनुसार आधा इंच के पाइप बिछाकर बजट ठिकाने लगा दिया गया है। करन सिंह ने मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता सुभाष गंगोला के अनुसार योजना का कार्य वर्तमान में गतिमान है। ठेकेदार को पाइप बदलने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। ग्रामीण ने सवाल उठाए हैं कि लाखों की योजना की मॉनिटरिंग का दावा करने वाले जल संस्थान कैसे योजना को देखना भूल गया।




