🔳बाबा के जयकारों के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब
🔳व्यवस्था बनाने में छूटे पुलिस कर्मियों के पसीने
🔳व्यापारियों ने उठाई महिला पुलिसकर्मियों व समुचित स्टाफ की तैनाती की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
देश विदेश के लाखों बाबा भक्तों के आस्था के केंद्र कैंची धाम में रोजाना हजारों भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। लगाकर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से पुलिस कर्मियों के भी पसीने छूट रहे है। समुचित पुलिस कर्मियों की तैनाती न होने से तमाम परेशानियां भी खड़ी हो जा रही है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारियों ने महिला पुलिस कर्मियों व समुचित स्टाफ की तैनाती की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित कैंची धाम में रोजाना श्रद्धालुओं का मेला लग रहा है। देश विदेश से हजारों भक्त बाबा के दर पर मत्था टेकने पहुंच रहे हैं। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर से हाइवे तक कतारबद्ध होकर बाबा के दर पर पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। कैंची पुलिस चौकी में समुचित पुलिस कर्मियों व महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती न होने से चौकी प्रभारी कृष्णा गिरी व हेड कांस्टेबल महेंद्र पाल व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद समुचित पुलिस कर्मियों की तैनाती न होने से चौकी प्रभारी व हेड कांस्टेबल को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारी नेता विरेन्द्र सिह बिष्ट ने कैंची क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए महिला पुलिस कर्मियों व समुचित स्टाफ की तैनाती किए जाने की मांग उठाई है।




