🔳शिकायत के बाद जल संस्थान ने कराई जांच
🔳नियमानुसार पेयजल योजना की पाइप लाइन बिछाने के निर्देश
🔳लापरवाही पर कार्रवाई मानी जा रही तय
🔳तल्लाकोट, बादरकोट, पनौराकोट व मल्लाकोट गांव का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत किए जा रहे कार्य में दो योजनाओं के पाइप एक साथ बिछाए जाने तथा लाइन को खुला छोड़ दिए जाने का मामला जोरशोर से उठने के बाद अब जल संस्थान हरकत में आ गया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट के अनुसार दोनों लाइनों को अलग अलग करने के साथ ही नियमानुसार पाइप लाइन जमीन के अंदर बिछाने के निर्देश दिए जाएंगे। लापरवाही पर कार्रवाई होंगी।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत बेतालघाट ब्लॉक के तल्लाकोट, बादरकोट, पनौराकोट, मल्लाकोट गांव में कार्य गतिमान है। बीते दिनों स्थानीय पुष्कर सिंह पनौरा ने योजना में अनियमितता का आरोप लगा जांच की मांग उठाई। आरोप लगाया की दो अलग अलग पेयजल योजनाओं के पाइप एक साथ ही चिपकाकर बिछाए जा रहे हैं। जिससे भविष्य में किसी भी एक योजना में खराबी आने पर दूसरी योजना भी प्रभावित हो जाएगी। वहीं जगह जगह योजना की पाइप लाइन खुले में छोड़ दिए जाने का आरोप लगा शिकायत उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी को भेजी। मामला मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर भी दर्ज करवा दिया। मामले के तूल पकड़ने के बाद हरकत में आए जल संस्थान ने मामले के जांच के निर्देश दिए। बीते दिनों अवर अभियंता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने निरीक्षण भी किया। शिकायतकर्ता ने जांच में शामिल न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। पुष्कर पनौरा के अनुसार सरकारी बजट को ठिकाने लगाने के लिए योजना में अनियमितता की जा रही है। इधर जांच पूरी होने के बाद अब संबंधित विभाग ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट के अनुसार जिन स्थानों पर पाइप लाइन खुले में छोड़ दी गई है वहां लाइन को नियमानुसार जमीन के नीचे बिछाने तथा पाइप लाइन को भी अलग अलग करने के निर्देश दिए जाएंगे। साफ कहा की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




