🔳विभागीय अधिकारियों की टीम ने पंप हाउस निर्माण को किया निरीक्षण
🔳कार्यदाई संस्था को दिए गए तय समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश
🔳लगभग दो करोड़ रूपये की लागत से तैयार होनी है योजना
🔳क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी, खैरना तथा छड़ा क्षेत्र के सैकड़ों बाशिंदो की प्यास बुझाने को प्रस्तावित पेयजल योजना के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। विभागीय अधिकारियों ने शिप्रा व कोसी नदी के संगम तट के समीप बनाए जाने वाले क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की रुप रेखा तैयार की। जल संस्थान के सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत के अनुसार कार्यदाई संस्था को तय समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि क्षेत्रवासी लाभान्वित हो सके।
दरअसल गरमपानी, खैरना तथा छड़ा क्षेत्र को दोपांखी स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पेयजल आपूर्ति होती है। बीते तीन वर्ष पूर्व अक्टूबर माह में हुई मूसलाधार बारिश से उफान में आई शिप्रा नदी तथा थुआ की पहाड़ी से जगह जगह भूस्खलन ने योजना को भारी नुकसान पहुंचाया। कई महीनों तक क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। बामुश्किल अस्थाई व्यवस्था कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की गई पर अब भी कई बार पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। क्षेत्रवासियों की मांग पर समस्या के स्थाई समाधान को संबंधित विभाग ने खैरना पुल के समीप से पेयजल पंपिंग योजना का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा। सरकार से लगभग दो करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के साथ ही जल संस्थान ने छह महीने पहले टेंडर प्रक्रिया भी पूरी करा ली है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी की पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से निजात मिल सकेगी पर टेंडर प्रक्रिया को छह महीने से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद योजना का कार्य शुरु नहीं किया जा सका। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने योजना कार्य शुरु कराए जाने की पुरजोर मांग उठा आंदोलन की चेतावनी दे डाली। हरकत में आए जल संस्थान ने कार्यदाई संस्था की मदद से बीते दिनो महत्वाकांक्षी योजना का कार्य शुरु करवा दिया। शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों ने संगम तट के नजदीक पंप हाउस स्थापित करने को स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था को पंप हाउस निर्माण में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत के अनुसार जल्द योजना का कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। इस दौरान अवर अभियंता राजीव कुमार, ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी, खुशाल सिंह, देवेश आदि मौजूद रहे।




