🔳जगह जगह लगा गंदगी का ढेर, पर्यटकों ने रुकना छोड़ा
🔳कूड़ा वाहन के नियमित न आने से व्यवस्था पटरी से उतरी
🔳व्यापारियों ने लगाया लगातार उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर छड़ा बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। जिला पंचायत से कूड़ा ले जाने वाला वाहन भी दो सप्ताह से भी अधिक समय से बाजार क्षेत्र में नहीं पहुंच सका है जिस कारण जगह जगह गंदगी का अंबार लग चुका है। स्थानीय व्यापारियों ने कूड़ा निस्तारण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
हाइवे पर स्थित बाजार क्षेत्र गंदगी से कराह रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। जगह जगह कूड़ा होने से आवाजाही करने वाले पर्यटक व यात्री भी बाजार क्षेत्रों में रुकने से कतराने लगे हैं। पर्यटकों के बाजार में न रुकने से व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। गंदगी निस्तारण को ठोस उपाय न होने से पर्यटन कारोबार प्रभावित होता जा रहा है। छड़ा बाजार क्षेत्र में दो सप्ताह से भी अधिक समय से जिला पंचायत का कूड़ा वाहन नहीं पहुंचा है जिस कारण कूड़े का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। व्यापारी नेता चंदन सिंह के अनुसार समुचित शुल्क देने के बावजूद क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। गंदगी निस्तारण न होने से संक्रामक बिमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। कूड़ा निस्तारण न होने से गहरी नाराजगी भी जताई है। स्थानीय दीवान सिंह, हीरा सिंह, राजन मौर्या, गणेश सिंह आदि ने तत्काल गंदगी निस्तारण किए जाने की मांग उठाई है। चेताया है की यदि अनदेखी की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।




