🔳ग्राम प्रधान जाख ने अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
🔳गांव की उपेक्षा किए जाने पर जताई गहरी नाराजगी
🔳ब्लॉक मुख्यालय से प्रस्ताव आगे न बढ़ाने पर उठाए सवाल
🔳 बीडीओ ने सिरे से खारिज किए आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

दैवीय आपदा में क्षतिग्रस्त कार्यों के पुनर्निर्माण को बने प्रस्ताव को ब्लॉक मुख्यालय में दबाने का आरोप लगा ग्राम प्रधान जाख आशा भंडारी ने मोर्चा खोल दिया है। आरोप लगाया की लगभग दस लाख रुपये से भी अधिक के प्रस्ताव को जानबूझकर ब्लॉक कार्यालय में रोक दिया गया जबकि जिलाधिकारी कार्यालय से दोबारा प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। ग्राम प्रधान ने मामले की जांच की मांग उठाई है।
वर्ष 2021 में अक्टूबर के महीने बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में मूसलाधार बारिश के बाद आपदा से लोगों को भारी नुक्सान पहुंचा। निजी व सरकारी परिसम्पतियां तहस नहस हो गई। आपदा के बाद नुकसान का आंकलन शुरु हुआ और दैवीय आपदा मद से पुनर्निमाण की कवायद शुरु हुई। बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव में आपदा से तबाही हुई। खेत, रास्ते, मकानों को नुकसान होने के साथ ही सिंचाई नहर व पैदल पुलिया तक ध्वस्त हो गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त पुलिया व सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण को दौड़ धूप तेज की। दोनों कार्यों के लिए लगभग दस लाख रुपये से अधिक का प्रस्ताव भी तैयार करवाया। जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्ताव भी भेज दिया गया पर वित्तीय वर्ष खत्म हो जाने से प्रस्ताव वापस भेज दिया गया। दोबारा प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए पर आज तक बजट को स्वीकृति नहीं मिली है। जब ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुंदन सिंह भंडारी ने मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला की प्रस्ताव ब्लॉक मुख्यालय से आगे ही नहीं बढ़ पाया। ग्राम प्रधान आशा भंडारी ने आरोप लगाया है की‌ दो वर्ष बाद भी प्रस्ताव ब्लॉक मुख्यालय से आगे नही भेजा जा सका है जिस कारण बजट आवंटन नहीं हो सका। बजट उपलब्ध न होने से नहर व पुलिया आज भी जब कि तस है। ग्राम प्रधान आशा ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जता जांच की मांग उठाई है। बीडीओ महेश चंद्र गंगवार ने आरोपों को खारिज किया है। बीडीओ के अनुसार आपदा से संबंधित प्रस्ताव एक वर्ष के भीतर उपलब्ध कराना जरुरी है। ब्लॉक मुख्यालय में प्रस्ताव रुकने का सवाल ही नहीं है।

error: Content is protected !!