🔳प्राथमिक विद्यालय लोहाली प्रथम व खैरना बदहाल
🔳लोहाली में बूंद बूंद पानी को भी तरस रहे नौनिहाल
🔳खिड़की दरवाजे तक टूटे बावजूद नहीं है कोई सुधलेवा
🔳लगातार उपेक्षा किए जाने से अभिभावकों में नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवो में स्थित विद्यालय खस्ताहाल होते जा रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। विद्यालयों की सुध न लिए जाने से अभिभावकों में भी नाराजगी है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय लोहाली प्रथम के हालत दयनीय हो चुके हैं। पानी के लिए भी नौनिहाल परेशान हैं पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। अभिभावकों व ग्रामीणों ने विद्यालय में जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्थित खस्ताहाल विद्यालयों में नौनीहाल प्राथमिक शिक्षा का पाठ ले रहे हैं। तमाम दावों के बावजूद विद्यालयों की सुध नहीं ली जा रही। राजकीय प्राथमिक विद्यालय लोहाली प्रथम व खैरना क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय की हालत शिक्षा विभाग के अधिकारियों की अनदेखी की हकीकत बयां कर रहे हैं। आलम यह है की लोहाली प्रथम विद्यालय में तो नौनिहाल बूंद बूंद पानी तक को तरस रहे हैं। घर से पानी लेकर स्कूल पहुंचना मजबूरी बन चुका है। जबकि अधिकारी प्रत्येक विद्यालय में पेयजल मुहैया कराने के दावे करते हैं। विद्यालय के खिड़की दरवाजे तक पिछले एक वर्ष से क्षतिग्रस्त है पर लगातार अनदेखी की जा रही है। खैरना स्थित प्राथमिक विद्यालय भी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। लगातार दरकती छत बड़े हादसे की ओर इशारा कर रही है। नौनिहाल जान हथेली पर रख विद्यालय में रख पढ़ाई करने को मजबूर हैं। ये हालत तब है जब लोहाली प्रथम व खैरना स्थित विद्यालय को मतदान केंद्र का दर्जा भी है। स्कूलों की दुर्दशा पर अभिभावकों व क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी भी है। स्थानीय पंकज सिंह बिष्ट, आंनद सिंह, नवीन चंद्र, पंकज सिंह, भुवनेश्वर कुमार, जगत सिंह, प्रताप सिंह, त्रिभुवन सिंह, पंकज भट्ट आदि ने स्कूलों की खस्ताहाल पर रोष जताया है। जल्द विद्यालयों की हालत में सुधार की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।




