🔳सप्ताहभर से पंपिग योजना से पानी न मिलने से खड़ा हुआ सिंचाई का संकट
🔳बेतालघाट ब्लॉक के तीन गांवों के दो सौ से ज्यादा कास्तकार परेशान
🔳कोसी नदी पर स्थित पंपिग योजना से ठप हुई आपूर्ति
🔳 ग्रामीणों ने उपेक्षा पर जताई गहरी नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

गांवों में खेतीबाड़ी पर संकट गहरा गया है। कहीं इंद्रदेव के रुठने से उपज चौपट हो चुकी है तो बेतालघाट ब्लॉक के तीन गांवों में सिंचाई को बनी पंपिग योजना से आपूर्ति ठप होने से किसानों की उपज प्रभावित होने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। योजना से लाभान्वित लगभग दो सौ से ज्यादा किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी न पहुंचने से गेहूं सूखने के कगार पर पहुंच चुके हैं जबकि प्याज की रोपाई भी रुकी हुई है। किसानों ने योजना जल्द आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई है।
बेतालघाट ब्लॉक के अधिकांश गांवो में खेतीबड़ी पर संकट बढ़ता ही जा रहा है। तल्लाकोट, बादरकोट तथा सकदानी गांव के लिए बढेरी स्थित कोसी नदी से पंपिग योजना के जरिए सिंचाई के पानी की आपूर्ति होती है। पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से योजना से पानी की आपूर्ति ठप है। सिंचाई के पानी की आपूर्ति न होने से गांवो के किसान परेशान हो चुके हैं। खेत में गेहूं व मटर की उपज सूखने लगी है जबकि प्याज की रोपाई भी प्रभावित होने के कगार पर है। ग्राम प्रधान बादरकोट पूजा पिनारी ने आरोप लगाया है की विभागीय अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। वोल्टेज कम होने का हवाला दे इतिश्री कर दी जा रही है जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान तल्लाकोट दीपा जलाल के अनुसार सिंचाई का पानी न मिलने से किसान चिंतित हैं पर समस्या के समाधान को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। नलकूप खंड रामनगर के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप भी लगाया। कास्तकार लाभाशु सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, मोहन सिंह जलाल, पान सिंह आदि ने योजना से जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नही की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। नलकूप खंड रामनगर के सहायक अभियंता प्रशांत आर्या के अनुसार समुचित वोल्टेज न मिलने से पंपिग नहीं हो पा रही है। विद्युत विभाग को भी पत्राचार किया जा चुका है।

error: Content is protected !!