🔳विभागीय अधिकारियों को दिए विभिन्न दिशा निर्देश
🔳आपदा से ध्वस्त स्टेट हाइवे का भी किया निरीक्षण
🔳भाजपा नेता ने भुजान में खतरा बन रहे तीखे मोड़ के निस्तारण की उठाई थी मांग
🔳 संयुक्त मजिस्ट्रेट के मामले को गंभीरता से लेने पर आभार किया व्यक्त
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे के बिगड़ते हालातों पर अब प्रशासन हरकत में आ गया है। भुजान क्षेत्र में तीखे मोड़ का निस्तारण व आपदा में ध्वस्त सड़क को दुरुस्त करने की मांग उठने के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण कर लोनिवि के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य शुरु करने तथा क्षतिग्रस्त हिस्से पर दोबारा प्रस्ताव भेजने को कहा।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दलिप सिंह बोहरा ने बीते दिनों भुजान क्षेत्र में हुई दुर्घटना के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भेज स्टेट हाइवे पर भुजान क्षेत्र में खतरे का सबब बन चुके तीखे मोड़ का निस्तारण करने तथा अन्य स्थानों पर भी सुरक्षित यातायात के उपाय किए जाने की मांग उठाई। बुधवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने लोनिवि अधिकारियों के साथ स्टेट हाइवे का निरीक्षण कर स्थित का जायजा लिया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता दलिप सिंह बोहरा ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को तीखे मोड़ से लगातार बढ़ रहे खतरे की जानकारी दी। संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा ने लोनिवि के सहायक अभियंता कुंदन सिंह बिष्ट को खतरा टालने को ठोस उपाय के निर्देश दिए। कालिका मोड़ के समीप तीन वर्ष पूर्व आपदा से ध्वस्त स्टेट हाइवे का भी निरीक्षण किया। दोबारा प्रस्ताव भेजने तथा बजट स्वीकृत होने तक चेतावनी बोर्ड लगाने तथा अन्य स्थानों पर स्टेट हाइवे की हालत में सुधार को कदम उठाने को कहा। इस दौरान आसपास के व्यापारी व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।




