🔳इंद्रदेव के रुठने से टूटी कास्तकारों की कमर
🔳कभी होती थी बंपर पैदावार आज खुद खाने को तरसे
🔳बैंकों की ऋण अदायगी बन गई चुनौती
🔳समीपवर्ती गांवों में प्रभावित हो गई मटर की खेती
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

मौसम की बेरुखी पहाड़ के किसानों के लिए नुकसान का सबक बन गई है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ज्याडी, बोहरागांव व पोखरी गांव में मटर की पैदावार चौपट हो गई है। उपज न होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। बैंकों से लिए गए ऋण की अदायगी भी भारी पड़ रही है।
मौसम की बेरुखी ने कोसी घाटी के किसानों के माथे पर पसीना ला दिया है। गांवो में मटर की पैदावार चौपट हो चुकी है। हालात इस कदर खराब है कि कभी बंपर पैदावार करने वाले गांव में आज किसान खुद के खाने के लिए मटर बाजार से खरीदने को मजबूर हैं। हाईवे से सटे ज्याडी, पोखरी तथा बोहरागांव में वर्षा आधारित खेती है। मौसम के मिजाज पर ही किसानों की किस्मत निर्भर है। तीनों गांवों के डेढ़ सौ से ज्यादा किसानों ने नवंबर में मटर की बुआई की पर बारिश न होने से उपज चौपट हो गई है। खेत सूख चुके हैं। किसानों ने बैंको से ऋण लेकर सब कुछ ठीक होने की उम्मीद से खेतीबाड़ी की पर मौसम की बेरुखी से सब कुछ चौपट हो चुका है। स्थानीय पूरन चंद्र नैनवाल, दीप चंद्र, बाला दत्त, राजन नैनवाल, मनोज चंद्र आदि ने नुकसान का मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!