🔳बीच बाजार हुए हादसे से बाजार में मची अफरा तफरी
🔳राहगीर व व्यापारी बाल बाल बचे, टला बड़ा हादसा
🔳खैरना पुलिस ने मौके पर पहुंच जुटाई घटना की जानकारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार कार असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार ने हाइवे किनारे खड़ी दो बाइकों को भी चपेट में ले लिया। कार दुर्घटना से बाजार में अफरा तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार सवार सभी पांच लोग व स्थानीय व्यापारी बाल बाल बच गए और बड़ा हादसा टल गया।
चौंना, दौलाघट(अल्मोड़ा) निवासी विक्रम सिंह कार यूके 01बी 7651 में चार साथियों को लेकर सोमवार तड़के भवाली से रानीखेत को रवाना हुए। विक्रम हाइवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में पहुंचे ही थे की एकाएक व कार पर संतुलन खो बैठे। नतीजतन कार असंतुलित होकर हाईवे किनारे खड़ी दो बाइकों में टक्कर मार पोल से जा टकराई। कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। बाइक स्वामियों को भी सूचना दी गई। कार के अंदर सभी लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही की सभी लोग सुरक्षित रहे। कोई राहगीर व व्यापारी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। चौकी पुलिस खैरना की टीम ने मौके पर पहुंच मुआयना किया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




