🔳कैंची क्षेत्र में नदी के नजदीक तक हो रहे निर्माण कार्यों पर लगाई रोक
🔳तीन दिन के भीतर अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश
🔳मामला उठने के बाद राजस्व उपनिरीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण
🔳भूमाफियाओं व बिल्डरों की सांठगांठ से सुप्रसिद्ध कैंची क्षेत्र में बेतरतीब निर्माण कार्यों की बाढ़
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर कैंची क्षेत्र में पवित्र शिप्रा नदी के बहाव क्षेत्र में किए जा रहे बेतरतीब निर्माण कार्यों पर प्रशासन हरकत में आ गया है। मामला उठने के बाद राजस्व उपनिरीक्षक शकील अहमद ने स्थलीय निरीक्षण कर नदी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को रोकने के निर्देश दिए है। निर्माणकर्ताओं को तीन दिन के अंदर अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। राजस्व उपनिरीक्षक के अनुसार रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
हाइवे पर स्थित कैंची क्षेत्र में लगातार पर्यटकों की तादाद बढ़ती जा रही है। ऐसे में बाहरी बिल्डर भूमाफियाओं से सांठगांठ कर क्षेत्र में पांव जमाने लगे हैं। नियमों का उल्लघंन कर धड़ल्ले से बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जा रहा है तो वहीं पवित्र शिप्रा नदी के बहाव क्षेत्र में निर्माण कार्य कर नदी के अस्तित्व को मिटाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। शिप्रा नदी के बहाव क्षेत्र तक खुलेआम निर्माण कार्य किए जा रहे हैं जबकि नदी से सौ मीटर दूरी तक निर्माण कार्यों पर रोक है बावजूद बाहरी लोग नदी का आस्तित्व खत्म करने को जोर शोर से निर्माण कार्यों में जुटे हैं वहीं निर्माण कार्यों में जुटे श्रमिक भी पवित्र नदी को प्रदूषित करने से पीछे नहीं हट रहे। मामला जोर शोर से उठने व एसडीएम कोश्या कुटोली तक पहुंचने के बाद शुक्रवार को राजस्व उपनिरीक्षक शकील अहमद ने मय टीम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। नदी क्षेत्र में दो स्थानों पर किए जा रहे निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगा दी। दोनों निर्माणकर्ताओं को अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए साथ ही श्रमिकों को भी नदी को प्रदूषित न करने की चेतावनी दी। राजस्व उपनिरीक्षक शकील अहमद के अनुसार निरीक्षण में दो स्थानों पर निर्माण होता पाया गया है। दो निर्माणकर्ताओं को अभिलेख उपलब्ध कराने तथा नक्शा पास कराने के साक्ष्य तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी जाएगी। निर्देश मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।




