🔳दोनों पक्षों में तीखी तकरार, एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
🔳माहौल बिगड़ने की सूचना पर खैरना पुलिस की टीम ने संभाला मोर्चा
🔳शांति भंग होने पर दी कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
🔳एक पक्ष रोक लगाने तथा दूसरा सड़क निर्माण की जिद पर अड़ा
🔳प्रशासन व पुलिस ने बामुश्किल मामला कराया शांत
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर लोहाली ग्राम पंचायत के तीन तोक के बाशिंदों को लाभांवित करने को निर्माणाधीन सड़क विवादों में आ गई है। निरीक्षण को पहुंचे प्रशासन के अधिकारियों के सामने ही दो पक्षों में तीखी तकरार हो गई। दो पक्षों के विवाद से हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। माहौल बिगड़ने की सूचना पर खैरना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बामुश्किल दोनों पक्षों को शांत करवाया गया। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने शांति व्यवस्था भंग करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कानूनगो नरेश असवाल ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शुक्रवार को हाइवे पर चमड़ियां क्षेत्र से लोहाली ग्राम पंचायत के कुशमीणा, नागेधार तथा डोनी तोक के वाशिंदों को सड़क सुविधा से जोड़ने को विधायक निधि के तीन लाख रुपये के बजट से निर्माणाधीन सड़क पर बखेड़ा खड़ा हो गया। निरीक्षण को पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने ही दो पक्षों में तकरार बढ़ गई। एक पक्ष सड़क निर्माण रोकने तथा दूसरा पक्ष सड़क निर्माण की जिद पर अड़ गया। आरोप प्रत्यारोप के बीच विवाद बढ़ता ही चला गया। माहौल बिगड़ने की सूचना पर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास शुरु किया गया। पुलिस ने सख्त रुख अपनाया तो दोनों पक्षों के तेवर ढीले पड़ गए। एक पक्ष ने आरोप लगाया की सड़क निर्माण से हाइवे पर बना कलमठ बंद होने से बरसात में घरों में पानी घुसने का खतरा बढ़ जाएगा। दूसरे पक्ष ने कहा की विधायक निधि के बजट से निर्माणाधीन सड़क को बेवजह विवादित किया जा रहा है जबकि इस सड़क से दूसरे पक्ष का कोई लेना-देना नहीं है। कानूनगो नरेश असवाल ने भरोसा दिलाया की कलमठ बंद नहीं होने दिया जाएगा। किसी का भी अहित न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन के भरोसे के बाद बामुश्किल मामला शांत हुआ। इस दौरान हरीश सिंह बिष्ट, हरीश चंद्र आर्या, गोपाल सिंह, पूरन चंद्र, कुंवर सिंह, गोधन सिंह, कैलाश दानी, भुवन दानी, ललित दानी, गणेश सिंह, दीवान सिंह, खुशाल सिंह, पंकज दानी, हीरा लाल, रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।




