🔳रेफर किए जाने के बाद डेढ़ घंटे बाद पहुंचा सेवा का वाहन
🔳108 प्रबंधन की लापरवाही पर स्वजनों ने जताई नाराजगी
🔳व्यापारियों ने प्रबंधन पर लगाया जिंदगी से खिलवाड़ का आरोप
🔳सीएचसी प्रभारी बोले – पूर्व में भी उच्चाधिकारियों को प्रबंधन की लापरवाही को किया गया है पत्राचार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्र में जीवनदायिनी के नाम से पहचान रखने वाली 108 सेवा की एक और लापरवाही सामने आई है। प्रसव पीड़ा से कराह रही ग्राम प्रधान को अस्पताल से रेफर किए जाने के डेढ़ घंटे बाद 108 सेवा का वाहन सीएचसी पहुंचा। लंबे इंतजार के बाद स्वजन महिला ग्राम प्रधान को हायर सेंटर लेकर रवाना हुए। स्वजनों ने 108 प्रबंधन की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार पूर्व में भी कई बार 108 प्रबंधन की लापरवाही के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है। दोबारा फिर पत्राचार किया जाएगा।
सीएचसी गरमपानी में बीते दिनों बुजुर्ग को दो घंटे बाद हायर सेंटर ले जाने वाली 108 सेवा का एक और बड़ा कारनामा सामने आया है। बुजुर्ग के हल्द्वानी में दम तोड़ देने के बाद का मामला शांत भी नहीं हो सका था कि सोमवार को समीपवर्ती घुना ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान जया किशोरी को प्रसव पीड़ा होने पर पति एनके आर्या व अन्य स्वजन सीएसची गरमपानी लेकर पहुंचे। स्त्री रोग विशेषज्ञ के ना होने के चलते चिकित्सकों ने गर्भवती को प्राथमिक उपचार दे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। स्वजनों ने आपातकालीन 108 सेवा से संपर्क साधा। गरमपानी की सेवा का वाहन खराब होने के चलते सुयालबाड़ी से वाहन भेजने का भरोसा दिलाया गया। इस बीच ग्राम प्रधान की प्रसव पीड़ा बढ़ते ही चले गई। पति एनके आर्या ने आरोप लगाया की डेढ़ से दो घंटे के बीच में 108 सेवा का वाहन अस्पताल पहुंचा तब जाकर गर्भवती को हल्द्वानी ले जाया जा सका। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेंद्र नेगी, राकेश जलाल, फिरोज अहमद, हीरा सिंह बिष्ट, दीवान सिंह, कुलदीप खनायत, सुनील मेहरा आदि ने 108 प्रबंधन की लापरवाही पर गहरी नाराज की जताई है। आरोप लगाया कि 108 प्रबंधन मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ पर आमादा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार न हुआ तो फिर सड़क पर उतर आंदोलन शुरु किया जाएगा। सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार पूर्व में भी 108 प्रबंधन की लापरवाही को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया गया है। एक बार पुनः उच्च अधिकारियों को लगातार बढ़ रही लापरवाही पर पत्राचार कर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।




