🔳सीएचसी से रेफर हुई थी महिला ग्राम प्रधान
🔳एसटीएच हल्द्वानी में नवजात को नहीं बचा सके चिकित्सक
🔳डेढ़ घंटे 108 सेवा का किया था इंतजार फिर तय किया 60 किमी का सफर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सिस्टम की लापरवाही नवजात की जिंदगी पर भारी पड़ गई। डेढ़ घंटे तक 108 सेवा का इंतजार करने के बाद प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला ग्राम प्रधान को एसटीएच पहुंचाया तो गया पर चिकित्सक नवजात की जिंदगी नहीं बचा सके। ग्राम प्रधान के पति एनके आर्या के अनुसार पहाड़ में स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त होती तो शायद बच्चे की जान बच जाती।
सोमवार को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर घुना गांव की ग्राम प्रधान जया किशोरी को गरमपानी अस्पताल पहुंचाया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ के अभाव में प्राथमिक उपचार के बाद ग्राम प्रधान को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। डेढ़ घंटे इंतजार के बाद पहुंचे आपातकालीन 108 सेवा के वाहन से प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला ग्राम प्रधान जया को पति व अन्य स्वजन हल्द्वानी लेकर रवाना हुए। करीब 60 किमी का लंबा सफर तय करने के बाद जया को एसटीएच हल्द्वानी पहुंचाया गया हालांकि रक्तस्राव भी अधिक हो चुका था। एसटीएच के चिकित्सकों ने बगैर समय गवांए गर्भवती का उपचार शुरु किया। खतरे के बीच गर्भवती को बचा लिया गया पर नवजात की जान नहीं बच सकी। सूचना के बाद स्वजन गमगीन हो गए। ग्राम प्रधान के पति एनके आर्या ने 108 सेवा की इंतजारी व लचर स्वास्थ्य सेवा को जिम्मेदार ठहराया। रुंधे गले से कहा की स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त होनी चाहिए ताकी किसी और के साथ ऐसी घटना न हो।




