🔳पांच सदस्यीय गस्ती टीम रखेंगी गांव पर निगरानी
🔳चापड गांव में गुलदारों की आवाजाही बढ़ने से अलर्ट मोड पर वन विभाग
🔳क्षतिग्रस्त पिंजरे का भी दोबारा होगा निरीक्षण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती चापड गांव में एक साथ चार गुलदारों की आवाजाही से अब वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। गांव के आसपास चार ट्रैप कैमरे लगा चारों गुलदारों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। वन विभाग की पांच सदस्यीय टीम भी गांव में गश्त के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के रेंजर तापस मिश्रा के अनुसार गांव के समीप लगाए गए पिंजरे के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर अब दोबारा निरीक्षण कर पिंजरा दुरुस्त किया जाएगा। रेंजर ने गांव के बाशिंदों से भी विशेष अहतियात बरतने का आह्वान किया है।
चापड गांव में स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल के समीप चार गुलदारों की मौजूदगी से दहशत बढ़ गई है। शिक्षा विभाग ने दूरदराज से विद्यालय पहुंचने वाले नौनिहालों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। दिन दोपहर गुलदारों के दिखने से ग्रामीण भी भयभीत हैं। दिन ढलने के साथ ही गांव के लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं जबकि खेतों में काम करने जाने वाली महिला कास्तकार भी खेतो में जाने में डरने लगी है। लगातार गुलदारों की आवाजाही तेज होने से वन विभाग भी हरकत में आ गया है। पांच सदस्यीय टीम को गस्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि गुलदारों की गतिविधियों पर नजर रखने को अब चार ट्रैप कैमरे लगाने की तैयारी भी शुरु कर दी गई है। वहीं पूर्व में गांव के समीप लगाए गए पिंजरे के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर अब पिंजरे को भी दुरुस्त किया जाएगा। वन विभाग के वनक्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा के अनुसार ग्रामीणो को भी विशेष अहतियात बरतने को कहा गया है जल्द चार ट्रैप कैमरे लगा दिए जाएंगे।




