🔳तौराड़ गांव में कार्यक्रम रद्द होने पर ग्रामीणों में रोष
🔳कामकाज छोड़ सुबह ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे गांव के बाशिंदे
🔳कार्यक्रम बदलने पर लगाया गांव की उपेक्षा का आरोप
🔳बीडीओ बोले – जिला स्तर से हुआ कार्यक्रम में बदलाव
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के तौराड़ गांव के बाशिंदे सुबह से शाम तक विकसित भारत संकल्प यात्रा का इंतजार करते रहे पर यात्रा नहीं पहुंची। कामकाज छोड़कर पहुंचे ग्रामीणों ने यात्रा के न पहुंचने पर गहरी नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान के अनुसार रोस्टर के अनुसार यात्रा के गांव में पहुंचने का दिन नियत था पर ऐन वक्त पर समय में बदलाव कर दिया गया। बीडीओ महेश चंद्र गंगवार के अनुसार तौराड गांव में यात्रा के समय में बदलाव जिला स्तर से किया गया है जिसकी सूचना कर्मचारियों के माध्यम से समय पर गांव भिजवा दी गई थी।
सोमवार को बेतालघाट ब्लॉक के तौराड़ गांव के बाशिंदे सुबह से ही पंचायत भवन के परिसर में जुटे। ग्राम प्रधान जगदीश पंत भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे। इंतजार की घड़ी बढ़ने पर ग्राम प्रधान ने अधिकारियों को संपर्क साधा तो पता चला की गांव में सोमवार को होने वाले कार्यक्रम के समय में बदलाव कर 20 दिसम्बर का समय नियत किया गया है। गांव से खेती-बाड़ी व अन्य जरुरी कामकाज छोड़ कार्यक्रम के लिए पहुंचे ग्रामीणों को कार्यक्रम में बदलाव किए जाने की सूचना मिलने पर रोष जताया। ग्राम प्रधान जगदीश पंत ने कहा की बीते गुरुवार को अधिकारियों ने 18 दिसंबर को ही यात्रा के तहत गांव में कार्यक्रम प्रस्तावित होने की सूचना दी। समय पर गांव के बाशिंदे कार्यक्रम स्थल पर भी पहुंच गए। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद खुद भी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा रहा और अब कार्यक्रम का समय बदल कर ग्रामीणों के हितों से खिलवाड़ किया गया है। साफ कहा की भविष्य में कार्यक्रम को सहयोग नही किया जाएगा। गांव की गंगा देवी, तुलसी देवी, आशा देवी, शांति देवी, शारदा देवी, मथुरा दत्त पंत, हरीश चंद्र, दयाल चंद्र, महेश चंद्र ने भी अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया। बीडीओ बेतालघाट महेश चंद्र गंगवार के अनुसार कार्यक्रम में बदलाव जिला स्तर से हुआ है तौराड़ गांव में बीस दिसंबर को यात्रा के तहत कार्यक्रम होगा।




