साढ़े चार सौ विद्यार्थी व शिक्षक बूंद बूंद पानी को परेशान
🔳जवाहर नवोदय विद्यालय में गहराया पानी का संकट
🔳पंप खराब होने से पांच दिन से ठप है आपूर्ति
🔳व्यापारियों ने तत्काल आपूर्ति सुचारु किए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में पांच दिनों से पानी को हाहाकार मचा हुआ है। साढ़े चार सौ से ज्यादा विद्यार्थियों व करीब सौ शिक्षक व कार्यालय कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारी नेता मदन सुयाल ने विद्यालय में पानी की आपूर्ति तत्काल सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।
जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में पानी की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो रहा जिस कारण आए दिन विद्यालय में आपूर्ति प्रभावित हो जा रही है। विद्यालय में पानी की आपूर्ति को कोसी नदी से पंपिग के जरिए आपूर्ति की जाती है। विद्यालय में पानी पहुंचने के बाद उसे फिल्टर कर इस्तेमाल किया जाता है। पिछले पांच दिनों से आपूर्ति ठप है जिस कारण विद्यालय में अध्ययनरत करीब साढ़े चार सौ विद्यार्थियों व शिक्षक व कार्यालय कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के प्राचार्य पीसी उपाध्याय के अनुसार कुछ दिन पूर्व जल संस्थान ने पंप को ठिक किया पर अब फिर पंप में खराबी आ चुकी है। पांच दिनों से आपूर्ति ठप है। जल संस्थान के अधिकारियों को आपूर्ति सुचारु किए जाने को पत्राचार भी किया जा चुका है। व्यापारी नेता मदन सुयाल, गजेन्द्र नेगी, हितेश साह, गोविन्द सिंह, राकेश जलाल ने विद्यालय में आपूर्ति तत्काल सुचारु किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




