◾टूनाकोट गांव के किसानों ने जिलाधिकारी को भेजा पत्र
◾प्लांट लगने पर जताया खेतीबाड़ी प्रभावित होने का अंदेशा
◾हरे भरे जंगल, स्कूली बच्चों तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य का भी दिया हवाला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
भुजान – रिची मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स प्लांट की सुगबुगाहट पर किसानों का पारा चढ़ गया है। किसानों ने सब्जी उत्पादक गांवों के बीच हॉटमिक्स प्लांट बर्दाश्त न करने का ऐलान कर दिया है। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज प्लांट निर्माण पर रोक लगाए जाने की मांग उठाई है। हॉटमिक्स प्लांट लगने से खेतीबाड़ी प्रभावित होने के बाद ही लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ने का अंदेशा जताया है। दो टूक कहा है की यदि मनमानी की गई तो आसपास के गांवों के किसानों को भी साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
समीपवर्ती टूनाकोट गांव के समीप हॉटमिक्स प्लांट निर्माण की सुगबुगाहट तेज होने से गांव के किसानों ने आपत्ति जताई है। जिलाधिकारी अल्मोड़ा विनीत तोमर को ज्ञापन भेज गांवों के बीच हॉटमिक्स प्लांट की अनुमति न देने की मांग उठाई है। जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन के माध्यम से बताया है की प्लांट का शुरु से ही पुरजोर विरोध किया जा रहा है पूर्व में आसपास के विद्यालयों के गुरुजन, स्कूली बच्चे तथा गांवों के बाशिंदे उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भेज चुके हैं बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो सकी है अब दोबारा निर्माण कार्यों की तैयारी शुरु होने लगी है। किसानों ने बताया है की गांव सब्जी उत्पादक बैल्ट है यहां के बाशिंदे आजिविका के लिए खेतीबाड़ी पर ही निर्भर है। हॉटमिक्स प्लांट लगने से खेतीबाड़ी प्रभावित होने का अंदेशा है वहीं स्कूली बच्चों व गांव के लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ेगा। दो टूक चेतावनी भी दी है की यदि हॉटमिक्स प्लांट स्थापित हुआ तो आसपास के गांवों के किसानों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। ज्ञापन में सुनील मेहरा, विजय मेहरा, हीरा सिंह, पान सिंह, दीवान सिंह, सुंदर, जैमल सिंह, बचे सिंह, गोपाल सिंह, धन सिंह, नवीन सिंह, आंनद सिंह, भीम सिंह, नारायण सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।




