◾एनएच के एई ने अधिशासी अभियंता को भेजा आरोपों से भरा पत्र
◾भारी बारिश में हाइवे पर हॉटमिक्स करने को करार दिया गंभीर कृत्य
◾विभागीय आदेशों का पालन न करने का लगाया आरोप
◾उच्चाधिकारी से ऐसी परिस्थितियों में कार्य करने पर जताई असमर्थता
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी पर बारिश के दौरान विभागीय आदेशो के अनदेखी कर हॉटमिक्स किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे ने अधिशासी अभियंता को पत्र भेज कार्यदाई कंपनी पर तमाम अनियमितताएं बरतने, विभाग की छवि धूमिल करने समेत आरोपों की झड़ी लगा दी है। बारिश में मानकों की धज्जियां उडा़ हाटमिक्स किए जाने को गंभीर कृत्य करार दिया है। सहायक अभियंता ने ऐसी परिस्थितियों में कार्य करने पर असमर्थता जता अन्य कार्य सौंपने की गुहार लगाई है।
एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कार्य करने वाली दिल्ली की कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीते सोमवार को भारी बारिश के दौरान हाइवे पर हाटमिक्स न करने के आदेशों की अनदेखी होने पर मंगलवार को सहायक अभियंता ने विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेज कंपनी पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं। अधिशासी अभियंता को भेजे पत्र में कहा है कि महत्वपूर्ण हाइवे पर ज्योलिकोट से काकडीघाट के बीच होने वाले कार्य में कार्यदाई कंपनी तमाम अनियमितता बरती रही है। कई बार मौखिक व लिखित के बावजूद स्वीकृत दायरे में झाड़ी कटान, पटरी भरान व पेंच मरम्मत का कार्य प्रारंभ नहीं किया जा रहा। इसके अलावा जिन स्थानों पर कार्य किया भी जा रहा है वहां सुरक्षा संबंधी मानकों की अनदेखी की जा रही है जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सोमवार को भी ठेकेदार मनमानी पर उतारु हो गया। बारिश के बावजूद 21 गाड़ियां हॉटमिक्स की भेज दी गई। तीन गाड़ियों का डामर इस्तेमाल होने के बाद भारी बारिश होने पर काम रोकने के निर्देश दिए गए पर बावजूद ठेकेदार ने मनमाने ढंग से सभी 18 गाड़ियों का डामर हाईवे पर बिछा दिया। बताया है कि ठेकेदार का हॉटमिक्स प्लांट भी सौ किलोमीटर दूर स्थित है जिससे गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है बीते दिनों उजाला भवाली में हुए नॉर्थ जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम में भी ठेकेदार के समय पर कार्य पूर्ण न करने पर विभाग की छवि धूमिल हुई थी। सहायक अभियंता ने बारिश में हॉटमिक्स करने को गंभीर कृत्य करार दिया है। आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने दबाव बनाते हुए कार्य किया है जिससे उन्हें मानसिक आघात पहुंचा है सहायक अभियंता ने वरिष्ठ अधिकारी से उन्हें इस कार्य से अलग करते हुए कार्यालय कार्य सौंपने की गुहार लगाई है।




