◾जौरासी क्षेत्र में राजनैतिक पार्टी के झंडे, बैनर व कूड़ा फैंका
◾क्षेत्रवासियों ने जताई गहरी नाराजगी
◾व्यापारियों ने उठाई कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
एक ओर नदियों को साफ सुथरा बनाए रखने को जोर शोर से अभियान चलाए जा रहे हैं वहीं नदियों को प्रदूषित करने वाले बाज नहीं आ रहे। जौरासी के समीप हाइवे से कोसी नदी क्षेत्र की ओर एक राजनैतिक पार्टी के झंडे, बैनर व प्लास्टिक की बोतलें फेंके जाने से क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है। नदी क्षेत्र में झंडे व बैनर व प्लास्टिक की बोतलों का ढेर फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के करीब बहने वाली जीवनदायिनी कोसी नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने को समय समय पर महाअभियान चलाए जाते हैं। पर कुछ लोग नदी को प्रदूषित करने से भी पीछे नहीं हट रहे। प्रशासन ने नदी क्षेत्र में वाहन धोने वालों पर सख्ती से रोक लगाई तो अब सोमवार को जौरासी क्षेत्र में हाइवे से कोसी नदी की ओर एक राजनैतिक पार्टी के बैनर व झंडे व प्लास्टिक की बोतलें के ढेर फैंक दिए गए। क्षेत्र के लोग सुबह जब घुमने निकले तो हाइवे से नदी क्षेत्र की ओर डाले गए झंडे, बैनर व अन्य कूड़ा देख हैरत में पड़ गए। नदी के बहाव क्षेत्र की ओर सैकड़ों झंडे व बैनर फेंकने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। सूचना पर व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट भी मौके पर पहुंचे। आरोप लगाया की एक ओर स्वच्छ भारत अभियान के नदी व गांवों को साफ सुथरा बनाए रखने को अभियान चलाए जा रहे दूसरी ओर खुलेआम गंदगी फैलाई जा रही है। व्यापारियों ने नदी क्षेत्र की ओर झंडे, बैनर व कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की पुरजोर मांग उठाई है।




