◾विभाग ने भेजा तीस करोड़ रुपये से भी अधिक का प्रस्ताव
◾दस महीने बीतने के बावजूद नहीं मिली हरी झंडी
◾बदहाल हालत में पहुंची गांवों की महत्वपूर्ण सड़कें
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट क्षेत्र की 12 से भी ज्यादा महत्वपूर्ण सड़कों पर सुधारीकरण का कार्य बजट के इंतजार में लटका है। लोनिवि ने दस महीने पूर्व लगभग तीस करोड़ रुपये से भी ज्यादा का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है बावजूद बजट को स्वीकृति नहीं मिल सकी है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता संजय पांडे के अनुसार बजट स्वीकृत होते ही सड़कों पर डामरीकरण व मरम्मत का कार्य शुरु करा दिया जाएगा।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मोटर मार्ग बदहाली का दंश झेल रहे। जगह जगह भूधंसाव व बड़े बड़े गड्डे बड़ी घटना की ओर इशारा कर रहे हैं। बारिश से हालात और ज्यादा बिगड़ जा रहे हैं। भुजान – बेतालघाट, शहीद बलवंत सिंह भुजान – वर्धो, रातीघाट – बेतालघाट, रामनगर – बेतालघाट, भतरौंजखान – बेतालघाट समेत तमाम महत्वपूर्ण मोटर मार्गो पर आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। मोटर मार्गो के लिए बजट उपलब्ध न होने से कार्य नहीं हो पा रहे हैं। गांव के बाशिदे को जान जोखिम में डाल आवाजाही करनी पड़ रही है। लोनिवि ने लगभग 12 से ज्यादा सड़कों की मरम्मत व डामरीकरण को 30 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है पर दस महीने से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद बजट को हरी झंडी नहीं मिल सकी है जिस कारण सड़कों की हालत में सुधार नहीं हो पा रहा। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी ने ग्रामीण सड़कों के लिए बजट आवंटन न किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। गांवों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। दो टूक चेतावनी भी दी है की यदि जल्द बजट स्वीकृत नहीं किया गया तो फिर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।व्यापार नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने भी जल्द बजट स्वीकृत किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके पांडे के अनुसार बजट का इंतजार है। बजट उपलब्ध होते ही सड़कों की मरम्मत व डामरीकरण का कार्य शुरु करवाया जाएगा।

error: Content is protected !!