◾जगह जगह जलभराव से बाजार के लोग परेशान
◾बारिश के पानी के साथ सड़क पर आया कूडा़
◾व्यापारियों ने एनएच प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बारिश ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी। खैरना बाजार क्षेत्र में जलभराव से दुकानदार परेशान रहे जबकि पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने एनएच प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। जल्द बाजार क्षेत्र में व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई।
रविवार को हुई बारिश ने खैरना बाजार क्षेत्र में मुश्किले खड़ी कर दी। जगह जगह जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बरसाती नाली के बंद होने से बारिश का पानी लोगों के घरों व दुकानों में तक जा घुसा। बारिश के पानी के साथ बहकर आई गंदगी भी बाजार क्षेत्र में फैल गई। बाजार क्षेत्र में पैदल आवाजाही करने वाले लोग भी परेशान रहे। स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया की कई बार बरसाती नाली खोले जाने की मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, महामंत्री गोविंद सिंह नेगी, मनीष तिवारी, विरेंद्र सिंह बिष्ट, फिरोज अहमद, दीपक सिंह बिष्ट आदि ने व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग दोहराई है।
