◾कार्यक्रम की सूचना उपलब्ध न कराए जाने का लगाया आरोप
◾बीडीओ ने किया पूर्व में ही सूचना उपलब्ध कराने का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
मिनी स्टेडियम बेतालघाट में लगे बहुउद्देशीय शिविर की जानकारी उपलब्ध न कराए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। बीडीओ महेश चंद्र गंगवार ने सूचना उपलब्ध कराने का दावा किया। शिविर में व्यवस्था दुरुस्त न होने पर कार्यक्रम तय समय से देर में शुरु हो सका।
सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में बहुउद्देशीय शिविर लगाया जाना प्रस्तावित था। अधिकारी कर्मचारी भी समय पर कार्यक्रम में पहुंचने लगे पर कार्यक्रम स्थल पर कुर्सी मेज तक नहीं लगाए गए थे। आनन – फानन में व्यवस्था दुरुस्त कर कार्यक्रम शुरु करने की जद्दोजहद की गई। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दलिप सिंह नेगी ने बगैर तैयारी कार्यक्रम पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की अधिकारी कर्मचारी व क्षेत्रवासियों के बैठने तक के लिए कुर्सियों की व्यवस्था नहीं की गई। बाद में बामुश्किल कार्यक्रम शुरु हुआ। ग्राम प्रधान व भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदी खुल्बे ने न्याय पंचायत स्तरीय बहुउद्देशीय शिविर की सूचना न दिए जाने का आरोप लगाया। कहा की ब्लाक मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को उपलब्ध न कराकर उपेक्षा की गई है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर बीडीओ महेश चंद्र गंगवार ने दावा किया की ग्राम विकास व ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के माध्यम से पहले ही तय रोस्टर के तहत पंचायत प्रतिनिधियों को सूचना उपलब्ध करा दी गई। बैठक में तमाम महत्वपूर्ण विभागों ने स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कई समस्याएं भी दर्ज की गई। साफ कहा की बहुउद्देशीय शिवरों से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी को पूर्व में ही प्रचार-प्रसार किया गया है।
