◾व्यापार मंडल की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
◾ निजी भूमि पर बनी दुकानों व मकान के चिह्निकरण पर जताई नाराजगी
◾क्षेत्रवासियों की निगरानी में दोबारा नाप-जोख पर भी दिया जोर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के मोना क्षेत्र में व्यापार मंडल की बैठक में तमाम बिंदुओं पर चर्चा हुई। मोना – ल्वेशाल – कलापातल मोटर मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर किए गए चिह्निकरण पर गहरी नाराजगी जताई गई। व्यापारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अपनी निजी भूमि पर काबिज है ऐसे में नोटिस भेजा जाना ग़लत है। सर्वसम्मति से तय हुआ कि जल्द ही व्यापारियों का शिष्टमंडल विधायक के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलेगा।
मोना बजार क्षेत्र में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मेहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अतिक्रमण का मुद्दा जोर-जोर से उठा। व्यापार मंडल महामंत्री राकेश कपिल ने कहा कि मोटर मार्ग पर अधिकांश क्षेत्रवासी अपनी जमीनों पर काबिज है किसी ने भी सरकारी भूमि पर आवास व दुकान निर्माण नहीं किया है बावजूद लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। वर्षो पूर्व में सड़क निर्माण के वक्त 7 फिर 9 और अब 12 मीटर क्षेत्रफल में चिह्निकरण किया है। पूर्व में सड़क निर्माण की जद में आई भूमि मुआवजा भी आज तक कई भूस्वामियों को नहीं मिल सका है। तय हुआ कि जल्द व्यापारियों व क्षेत्रवासियों का शिष्टमंडल विधायक सरिता आर्या को साथ लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलेगा। बैठक में प्यूडा़, सतोली, ल्वेशाल आदि गांव के व्यापारी व ग्रामीण भी शामिल हुए। इस दौरान प्रमोद शर्मा, हेमवती शर्मा, धीरज, ललित, दीपक, मनोज, कैलाश, नवीन आदि मौजूद रहे।
