◾ पूर्ति निरीक्षक ने किया जल्द शिंकजा कसने का दावा
◾ पुलिस व प्रशासन को साथ लेकर होगी ताबड़तोड़ छापेमारी
◾ गरमपानी – खैरना व आसपास के बाजारो में चरम पर है तस्करी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गरमपानी – खैरना समेत आसपास के बाजार क्षेत्रो में रसोई गैस व पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने को माफियाओं पर कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत ने रसोई गैस व पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी को गंभीर श्रेणी का अपराध करार दे माफियाओं को रडार पर लेने का दावा किया है। बकायदा पुलिस व प्रशासन की टीम को साथ लेकर माफियाओं के चक्रव्यूह को ध्वस्त किया जाएगा।
हाइवे पर गरमपानी, खैरना, चमड़ियां समेत आसपास के क्षेत्रों में रसोई गैस व पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है। कालाबाजारी में लिप्त माफिया पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों से सिलेंडर व पेट्रोल डीजल उतार बडे़ पैमाने पर तस्करी में जुटे हुए हैं। बीच बाजार बंद कमरों में सिलेंडरो से रिफिलिंग का धंधा भी जोरों पर है जिससे बाजार पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कालाबाजारी पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग उठने के बाद अब संबंधित विभाग हरकत में आ गया है। बकायदा पुलिस प्रशासन की टीम को साथ लेकर माफियाओं पर कार्रवाई किए जाने की तैयारी शुरु कर दी गई है। रसोई गैस सिलेंडर व पेट्रोल डीजल की तस्करी में लिप्त तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत के अनुसार पेट्रोलियम पदार्थों व रसोई गैस की तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दावा किया है की पुलिस प्रशासन की टीम को साथ लेकर छापेमारी अभियान शुरु किया जाएगा। साफ कहा की माफियाओं को बख्सा नहीं जाएगा।
