◾बयेडी़ गांव के बाशिंदे ने बीइओ को भेजा ज्ञापन
◾गांव में स्थित विद्यालय के शिक्षक विहीन होने पर जताई नाराजगी
◾जल्द शिक्षकों की तैनाती की उठाई मांग, अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतरती जा रही है। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी से नौनिहालों का भविष्य चौपट होता जा रहा है। सुदूर बयेडी़ गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों का तबादला होने से विद्यालय शिक्षक विहीन हो चुका है। ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती की पुरजोर मांग उठाई है।
समीपवर्ती अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भुजान में महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापको के पद रिक्त होने से अभिभावकों का पारा सातवें आसमान पर है वहीं समीपवर्ती ताड़ीखेत ब्लॉक के बयेडी़ गांव में भी शिक्षकों की कमी से अभिभावक चिंतित हैं। पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज गांव में स्थित विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई है। ज्ञापन के माध्यम से बताया है की प्राथमिक विद्यालय में बाइस छात्र संख्या होने के बावजूद विद्यालय शिक्षक विहीन हो चुका है। शिक्षकों के न होने से नौनिहालों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। ग्राम प्रधान लीला देवी,बीडीसी हेमा देवी, कमला पांडे, मोहन राम, बीना देवी, कैलाश राम, पुष्कर राम, कुंदन राम, कैलाश पांडे, हरीश राम, जगदीश पांडे, निर्मल पांडे, नीमा देवी, जीवन पांडे, कमलेश पांडे आदि ने जल्द शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई है। उपेक्षा पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
