◾निर्माणाधीन रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग का मामला
◾कार्यदाई संस्था के ठेकेदार ने उठाई कार्रवाई की मांग
◾निर्माण सामग्री चोरी होने से सड़क निर्माण का कार्य भी हुआ प्रभावित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
निर्माणाधीन रातीघाट बुधलाकोट मोटर मार्ग से निर्माण सामग्री चोरी कर लिए जाने से हड़कंप मच गया है। कार्यदाई संस्था के ठेकेदार के अनुसार आए दिन निर्माण सामग्री चोरी कर ली जा रही है जिससे काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ठेकेदार ने निर्माण सामग्री चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग का दूसरे फेज का कार्य गतिमान है। सड़क पर जगह जगह निर्माण सामग्री भी रखी गई है। कार्यदाई संस्था के ठेकेदार मनोहर सिंह बिष्ट के अनुसार आए दिन सड़क पर रखी गई निर्माण सामग्री गायब होती जा रही है। निर्माण सामग्री के गायब होने से सड़क निर्माण का कार्य भी प्रभावित होता जा रहा है। वहीं काफी नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। मनोहर सिंह के अनुसार विभाग को लाखों रुपये की रायल्टी का भुगतान कर पत्थर व रेत मंगाई गई है जिससे सुरक्षा दीवार व अन्य निर्माण कार्य भी किए जाते हैं पर पिछले कई दिनों से सड़क पर रखी गई निर्माण सामग्री चोरी कर ली जा रही है। मजदूरों से जानकारी जुटाने पर पता चला है कि रात के वक्त अज्ञात लोग डंपरों में निर्माण सामग्री भर लें जा रहे हैं। कार्यदाई संस्था के ठेकेदार ने निर्माण सामग्री चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
